रक्तदान सबसे बडा दान SDGI Global University द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन

गाजियाबाद। डासना स्थित SDGI ग्लोबल यूनिवर्सिटी गाजियाबाद द्वारा संचालित रेखा देवी मेमोरियल अस्पताल में बुधवार को रोटरी वरदान ब्लड केंद्र की तरफ से भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रेखा देवी मेमोरियल हॉस्पिटल के डायरेक्टर हरीश कपूर, SDGI ग्लोबल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर (आई/सी) प्रो (डॉ) प्रसेंनजीत कुमार, रजिस्ट्रार पीयूष श्रीवास्तव, आई.जी. पुलिस (सेवा निवृत) जी ने संयुक्त रुप से शिविर का शुभारंभ किया। इस रक्तदान शिविर में छात्र-छात्राओं सहित अन्य युवाओं ने रक्तदान किया। डॉ हरीश कपूर ने कहा कि रक्तदान सबसे बडा दान होता है।

हम रक्तदान करके किसी का जीवन बचाते हैं। उन्होंने रक्तदानियों कि प्रशंसा करते हुए शिविर में अपने सहयोगी डॉ एस. मलिक, डॉ शिवानी और डॉ अमन राणा और ब्लड बैंक के आयोजक वरदान ब्लड बैंक के इंचार्ज धीरज शर्मा और विक्रांत का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रो (डॉ) प्रसेंनजीत कुमार ने कहा रक्तदान के लिए सभी को बढ़-चढ़ कर आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर की जनसंख्या का एक प्रतिशत यूनिट ब्लड बैंक में हमेशा उपलब्ध होना चाहिए जिससे गंभीर बीमारी या आपात स्वास्थ्य स्थिति के समय रक्त की कमी पूरी की जा सके। रक्त की कमी वालों के लिए जरूरत की पूर्ति जीवनदान जैसी है।

हर व्यक्ति को एक दूसरे के सहयोग के लिए तत्पर रहने की जरूरत है। रजिस्ट्रार पीयूष श्रीवास्तव ने कहा रक्तदान करने वाले दूसरे को जिंदगी देने जैसा पुण्य काम करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति आस-पास के लोगों को भी जागरूक करने की जरूरत है। रक्तदान के प्रति लोगों की भ्रातियों को दूर करते हुए कहा कि हमारे शरीर में प्रत्येक चार महीने में नए ब्लड का निर्माण होता है। ऐसे में लोग ये न सोचें कि रक्तदान से शरीर में कोई कमी आ जाती है। उन्होंने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद की कीमत होती है। इसका अहसास हमें तब होता है जब आपात स्थिति में इसकी आवश्यकता होती है।