-अवैध कॉलोनी में बने ऑफिस, सड़क, बाउंड्रीवाल को किया ध्वस्त
गाजियाबाद। लोनी एवं ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनी में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम ने साईट ऑफिस, सड़क, भूखंडों की बाउंड्रीवाल पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर अनाधिकृत कॉलोनियों एवं अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गुरूवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-8 की प्रभारी एवं ओएसडी गुंजा सिंह ने जोन क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ओएसडी ने सहायक अभियंता वीरेंद्र कटारिया, अवर अभियंता राजेश शर्मा एवं जीडीए पुलिस के साथ लोनी और ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत राशिद अली गेट से निठोरा रोड, सबलूगढ़ी रोड,पावी रोड, घिटौरा रोड पर काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों में 4 साईट ऑफिस, सड़क, खड़ंजा और भूखंडों की बाउंड्रीवाल को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कराया। उन्होंने निर्देशित किया कि सतत निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि अवैध निर्माण पुन: न होने पाए।
जीडीए द्वारा लगातार अवैध निर्माण व अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की जा रही है। निर्माण करने वाले एवं कॉलोनाइजर को भी निर्देशित किया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। कोई भी व्यक्ति किसी भी वादग्रस्त एवं विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।

















