ग्रेनो प्राधिकरण में बेहतर कामकाज के लिए सीईओ एनजी रवि कुमार ने किए बड़े बदलाव

-प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने आदेश जारी करके ओएसडी के कार्य क्षेत्र बदले

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार विकास कार्यों को तेजी से कराने और दफ्तर में बेहतर कामकाज के लिए बदलाव करते रहते हैं। अब ओएसडी व डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने आदेश जारी करके इसे लागू कर दिया है।

प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस की ओर से जारी आदेश के मुताबिक ओएसडी अभिषेक पाठक को सिस्टम, विद्युत/यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य, उद्यान एवं स्पोर्ट्स विभाग में विभागाध्यक्ष के रूप में तैनात किया गया है। वह जल एवं सीवर विभाग में कनिष्ठ प्रभार का कार्य भी देखेंगे। डिप्टी कलेक्टर जितेंद्र गौतम को कार्मिक का विभागाध्यक्ष, किसान आबादी विभाग में वर्क सर्किल-1 से 8 तक एवं भूलेख विभाग में कनिष्ठ प्रभार दिया गया है। ओएसडी राम नयन भूलेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि ओएसडी गिरीश कुमार झा भूलेख विभाग का कनिष्ठ प्रभार दिया गया है।

विशेष कार्याधिकारी नवीन कुमार सिंह ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी एवं कोऑपरेटिव सोसाइटी, एसेट विभाग एवं मार्केटिंग विभाग के विभागाध्यक्ष रहेंगे। इसके साथ ही वह आईटी विभाग, संस्थागत विभाग एवं उद्योग विभाग का कनिष्ठ प्रभार संभालेंगे। ओएसडी संतोष कुमार आवासीय सम्पत्ति विभाग, कौशल विकास विभाग एवं अर्बन सर्विसेज विभाग के विभागाध्यक्ष रहेंगे। इसके अलावा उद्योग विभाग, जीबीयू से संबंधित कार्य एवं जिम्स से संबंधित सभी कार्यों का कनिष्ठ प्रभार दिया गया है। इन बदलावों से कामकाज में और गति आने की उम्मीद है। साथ ही विकास कार्य भी तेज होंगे।