गाजियाबाद में बोले पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उपचुनाव से डर गई भाजपा, बदलवा दी तारीख

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने हार के डर की वजह से चुनाव की तारीख बदलवा दी। अखिलेश यादव ने कई बड़े मुद्दों पर भाजपा को घेरा है। वहीं,उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी दिया। अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव की तारीख बदलवा देने से इसका असर महाराष्ट्र के चुनाव तक पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर बूथ को जीतने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में जितने भी बड़े काम हुए हैं,वह समाजवादी पार्टी सरकार ने कराए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने ई-रिक्शा संचालन बंद करने,कोर्ट में वकीलों पर लाठीचार्ज, फर्जी एनकाउंटर, सबका साथ-सबका विकास वाले नारे देने समेत के मुद्दों पर अपनी बात रखी। मंगलवार को अखिलेश यादव हापुड़ रोड गाविंदपुरम स्थित इंपीरियल गार्डन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे,इसी दौरान उन्होंने ये बातें कहीं।

उन्होंने सपा-कांग्रेस इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सिंहराज जाटव के समर्थन में कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया। उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का परचम पूरे देश में लहराएंगे। अपनी, अपनी,अपनी सरकार बनाएंगे। कार्यकर्ता बैठक में अखिलेश यादव ने अदालत में हुए वकीलों पर पुलिस ने किए लाठीचार्ज के विरोध में कहा कि वकील न्यायालय में पिट रहे हैं,तो लोगों को न्याय कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा भाजपा पार्टी प्रदेश की सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी है। नदी सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाला कर रहे हैं। हिंडन नदी साफ करने के नाम पर भी बड़ा घोटाला किया है।

भाजपा राज में हर कोई त्रस्त है। बैठक शुरू होने से पहले मेरठ के सरधना से सपा विधायक अतुल गुर्जर को पुलिस ने रोक लिया। वह मंच पर बैठने जा रहे थे। सुरक्षा में तैनात पुलिस वालों ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए अतुल प्रधान को वापस जाने को कहा। इसके बाद सपा विधायक और उनके समर्थकों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इस दौरान अतुल गुर्जर ने कहा,हां ठीक है, हम चले जाएंगे। वहीं समर्थक बार-बार यही कहते नजर आए कि हम समाजवादी लोग हैं। यह गलत कर रहे हो। इस दौरान एसीपी प्रोटोकॉल आनंद कुमार लिस्ट में नाम नहीं होने की बात कहते नजर आए।

मुख्यमंत्री हमारे कार्यकर्ताओं को वोट नहीं डालने देना चाहते: अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार कहते है कि रामपुर बना देंगे। लगता है कि मुख्यमंत्री हमारे कार्यकर्ताओं को वोट नहीं डालने देना चाहते है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो चुनाव टालते हैं,वह हारते हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग और भाजपा ने चुनाव आगे खिसका दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि शायद भाजपा कुछ विशेष तैयारी करना चाहती होगी। वह तैयारी न कर पाई होगी,इसलिए ऐसा किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार कहते हैं कि रामपुर बना दूंगा। इसका मतलब मुख्यमंत्री हमारे कार्यकर्ताओं को वोट डालना नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार नहीं चलेगी, गिरेगी।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद केंद्र सरकार गिर जाएगी। साथ ही जोड़ा कि लखनऊ वाले तो खुद ब खुद गिर जाएंगे। अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों सरकारों से हर वर्ग नाराज है। किसान परेशान है,व्यापारी जीएसटी से त्रस्त है,नौजवान और बेरोजगार दुखीं हैं। माताएं-बहनें भी इस सरकार से खुश नहीं हैं। कर्मचारी पुरानी पेंशन चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के खिलाफ ऐसा माहौल कभी नहीं रहा। साथ ही कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि इस माहौल का लाभ उठाएं। अपने बूथ को मजबूत करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी सवाल किया कि क्या वह अपना बूथ जीत आएंगे। अखिलेश ने जिला कोर्ट में हुए लाठी चार्ज पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आखिर किसका गुस्सा वकीलों पर उतारा। ऐसा नहीं होना चाहिए था। इसके बाद अब सब पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।