तस्करों के साथ अब लालची विक्रेताओं को भी सबक सिखा रहा आबकारी विभाग, 10 रुपये के लिए विभाग की छवि को लगा रहे पलीता

• तस्कर समेत तीन शराब विक्रेताओं को आबकारी विभाग ने खिलाई जेल की हवा
•10 रुपये की अधिक वसूली विक्रेताओं के जेल जाने की बन रही वजह
• अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई में खुल रही तस्कर और विक्रेता की पोल

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के खिलाफ जिले में आबकारी विभाग की मुहिम ने तस्करों के साथ शराब विक्रेताओं में भी हड़कंप मचाया हुआ है। हर दिन अभियान चलाकर आबकारी विभाग की टीमें कभी तस्कर तो कभी विक्रेताओं को सलाखों के पीछे भेजने का काम कर रही है। शनिवार रात को चलाए गए अभियान में आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्कर समेत तीन विक्रेताओं को सलाखों के पीछे भेजा है। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा शराब की तस्करी कर रहा था तो वहीं विक्रेता ग्राहकों से शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक की वसूली करते हुए रंगेहाथ पकड़े गए। आबकारी विभाग की टीम ने भी बिना देरी कि सभी को सलाखों के पीछे भेज दिया। जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आबकारी विभाग की टीम अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रही है। जिसमें नियम के विरुद्ध कार्य करने वालों पर कार्रवाई कर रही है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार रात को आबकारी निरीक्षक चन्द्रशेखर सिंह की टीम द्वारा सीआईएसएफ तिराहा पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान शराब तस्करी कर रहे भोलू उर्फ राजा बाबू पुत्र भोला ठाकुर निवासी ग्राम रसूलपुर थाना रसूलपुर छपरा बिहार को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से 24 अद्धा मैक डावल नंबर-1 विदेशी मदिरा हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा शराब की तस्करी कर रहा था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।

वहीं आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की टीम द्वारा थाना बिसरख क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग की गई। जिसमें बियर  दुकान रोजा याकूबपुर (शॉप आईडी-36596) पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराते हुए विक्रेता अनूप कुमार पुत्र नेत्रराम को किंगफिशर स्ट्रॉंग ब्रांड की कैन धारिता 500 एमएल एमआरपी 130 को 140 (10/-अधिक) की बिक्री करते हुए पकड़ा गया। वहीं विदेशी मदिरा दुकान रोजा याकूबपुर (शॉप आईडी-3617) पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराते हुए विक्रेता नाम प्रदीप अनूप कुमार पुत्र ओमकार को विदेशी मदिरा ब्रांड इंपीरियल ब्लू क्वार्टर धरिता 180 एमएल पर निर्धारित मूल्य से 10 रुपये अधिक पर बिक्री करते हुए पकड़ा गया।

पकड़े गए विक्रेता शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक की वसूली कर रहे थे। शराब पर ओवर रेटिंग करने वालों के आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। पकड़े गए तस्कर और विक्रेताओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। साथ ही अनुज्ञापियों को भी कारण बताओ का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अनुज्ञापियों को भी चेतावनी दी गई कि खुद भी दुकानों की निगरानी रखें। अगर शराब पर ओवर रेटिंग की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। साथ ही इंस्पेक्टरों को भी लगातार चेकिंग और गुप्त टेस्ट परचेजिंग की कार्रवाई में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए है। अवैध शराब के खिलाफ आगे भी आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।