इंदिरापुरम विस्तार योजना में गुणवत्तापूर्ण कराए जा निर्माण कार्य: मानवेंद्र सिंह

  • जीडीए के प्रभारी चीफ ने विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इंदिरापुरम विस्तार योजना को पूर्ण रूप से विकसित करने के लिए निर्माण कार्यों को अब तेजी से पूरा कराया जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशानुसार इंदिरापुरम विस्तार योजना में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराए जाने हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह ने इंदिरापुरम विस्तार योजना में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। चीफ इंजीनियर ने योजना में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों को मौके पर जाकर देखा।

निरीक्षण के दौरान योजना में सीवर लाइन, मैनहोल निर्माण और सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर मौके पर समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। चीफ इंजीनियर ने संबंधित ठेेकेदारों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सुपरवाइजर स्टाफ को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करते रहने के भी निर्देश दिए। जीडीए द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा हैं।