उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार सक्रिय है। आबकारी अधिकारी द्वारा चलाया जा रहा रात्रि अभियान शराब तस्करों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। बाहरी राज्यों से शराब तस्करी हो या जिले में अवैध रूप से शराब बेचना-हर रात नए खुलासे हो रहे हैं। शनिवार रात को आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया, जो दिल्ली से सस्ती शराब खरीदकर जिले में लाइसेंसी दुकानों के बंद होने के बाद ऊंचे दामों पर बेचता था।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार रात आबकारी निरीक्षक गौरव चंद की टीम ने थाना फेज-1 क्षेत्र में चेकिंग अभियान के तहत कई ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान सेक्टर-15ए, गुलमोहर मार्केट के पास शिवाकुमार पुत्र रासबिहारी नामक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से माउंटेन ऑकन ब्रांड की 92 पौवे दिल्ली मार्का विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली से सस्ती शराब लाकर जिले में रात के समय ऊंचे दामों पर बेचता था। लाइसेंसी शराब की दुकानें बंद होने के बाद वह अवैध रूप से शराब की बिक्री करता था।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि लाइसेंसी शराब की दुकानों की भी गुप्त रूप से जांच की जा रही है। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है कि अगर किसी ने नियमों का उल्लंघन किया या ग्राहकों से दुर्व्यवहार किया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आबकारी विभाग की इस सख्ती से जिले में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
















