-मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने कहा कि शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए हमें निरंतर करना होगा कार्य
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित कंपोजिट विद्यालय करेहड़ा में मंगलवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय कार्यक्रम और विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर सुनीता दयाल, विशिष्ट अतिथि विधायक संजीव शर्मा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल ने उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों और बच्चों को नवीन शैक्षिक सत्र एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति आई है। अब सभी सरकारी विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं, जिसमें ड्रेस, पुस्तकें, जूते-मोजे, मिड-डे मील और प्रशिक्षित अध्यापकों द्वारा मुफ्त शिक्षा शामिल है।
उन्होंने बेसिक शिक्षा को सुंदर समाज की संरचना का आधार बताया। विधायक संजीव शर्मा ने बच्चों को नई कक्षा में प्रवेश और शैक्षिक सत्र प्रारंभ होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए और यदि एक भी बच्चा इससे वंचित रहता है, तो हमारा संकल्प अधूरा रहेगा। उन्होंने सभी से स्कूल चलो अभियान का प्रचार-प्रसार पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में कायाकल्प, सफाई, फर्नीचर, स्मार्ट क्लास, शिक्षक प्रशिक्षण, मिड-डे मील, समेकित शिक्षा, खेल, स्काउट और आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं की सतत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी सत्र में बेसिक शिक्षा नए आयाम स्थापित करेगी। इस दौरान उन्होंने नगर क्षेत्र के कुछ विद्यालयों के कायाकल्प के लिए महापौर से निवेदन किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्कूल चलो अभियान पर दिए गए संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय कविनगर, कंपोजिट विद्यालय गढ़ी कटैया, कंपोजिट विद्यालय खोड़ा कॉलोनी और कंपोजिट विद्यालय करेहड़ा के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी भरपूर सराहना की गई। महापौर ने नए सत्र की पुस्तकों का वितरण किया और कलाकारों एवं राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया।
शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव को सम्मानित किया गया। इसके अलावा, पार्षद डॉक्टर सुनंदा, पार्षद सुधीर कुमार, पूर्व पार्षद विजेंद्र चौहान, पंचायती राज अधिकारी प्रदीप द्विवेदी, जिला समन्वयक माध्यमिक पवन कुमार भाटी, डॉ. राकेश, एसआरजी पूनम शर्मा एवं विनीता त्यागी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में 700 से अधिक बच्चों और शिक्षकों ने स्कूल चलो अभियान की विशाल रैली में भाग लिया। हाथों में तख्तियां लिए और नारे लगाते हुए बच्चे शिक्षा का संदेश दे रहे थे। महापौर सुनीता दयाल और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एसआरजी पूनम शर्मा द्वारा किया गया।


















