आईटीएस डेंटल कॉलेज में मनाया गया विश्व स्वास्थ्य दिवस, मरीजों को मिला मुफ्त परामर्श और उपचार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ रोड स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज के पब्लिक हेल्थ डेन्टिस्ट्री विभाग द्वारा मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस उत्साहपूर्वक और सफलतापूर्वक मनाया गया। इस वर्ष का विषय स्वस्थ शुरुआत, आशापूर्ण भविष्य था। इस अवसर पर ब्लॉक मुरादनगर, घुघना (गाजियाबाद) और संस्थान परिसर में विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में मरीजों को मुफ्त दंत चिकित्सा और परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। दांतों की सफाई, मौखिक प्रोफिलैक्सिस, खराब दांतों को निकालना, पिट और फिशर सीलेंट, टोपीकल फ्लोराइड जैसे निवारक उपचार विशेष आकर्षण रहे। इसके साथ ही, संस्थान की ओपीडी में आने वाले मरीजों का निशुल्क रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच की गई।

जिन मरीजों में ब्लड शुगर या हाई बीपी की समस्या पाई गई, उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उचित परामर्श दिया गया और जीवनशैली सुधार के उपाय बताए गए। तंबाकू सेवन की लत को छोडऩे के लिए एक इंटरैक्टिव काउंसलिंग सत्र और तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके साथ ही, ब्रशिंग मॉडल और टूथब्रश की सहायता से सही ब्रश करने की तकनीक का प्रदर्शन किया गया और मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के लिए बाज़ार में उपलब्ध उत्पादों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बीडीएस छात्रों द्वारा एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। अंत में, हाईपरटेंशन और डायबिटीज मेलिटस से ग्रसित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए संस्थान में रेफर किया गया। समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों और डॉक्टरों ने आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा और वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को धन्यवाद देते हुए उनके नेतृत्व और सहयोग की सराहना की।