जीडीए की नीलामी ने मचाया धमाल, प्रताप विहार का प्लॉट 2.11 लाख प्रति वर्गमीटर में बिका

-रिकॉर्ड तोड़ बोली से जीडीए को मिली 24 करोड़ की कमाई, रियल एस्टेट में दिखी जबरदस्त गर्मी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा बुधवार को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित की गई संपत्ति नीलामी में रियल एस्टेट बाजार में भारी उत्साह देखने को मिला। प्राधिकरण ने इस नीलामी में अपनी आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों को बिक्री के लिए प्रस्तुत किया, जिसमें बोलीदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई भूखंडों की रिकॉर्ड कीमतों पर बिक्री हुई। नीलामी का सबसे बड़ा आकर्षण प्रताप विहार सेक्टर-11 का एक आवासीय भूखंड रहा, जिसकी आरक्षित दर 36 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई थी। इस भूखंड की बोली ने सभी को चौंकाते हुए 2.11 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर तक जा पहुंची। 121.74 वर्गमीटर के इस भूखंड की कुल कीमत लगभग 2.56 करोड़ रुपये रही, जो जीडीए के लिए अब तक की सबसे अधिक कीमतों में से एक मानी जा रही है। इस भूखंड को खरीदने के लिए 21 से अधिक बोलीदाताओं के बीच प्रतिस्पर्धा देखी गई।

इस ऐतिहासिक नीलामी की अध्यक्षता जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई और देर शाम तक चला। इस दौरान जीडीए के ओएसडी और प्रभारी व्यवसायिक कनिका कौशिक, मुख्य अभियंता मानवेंद्र कुमार सिंह, सहायक अभियंता, लेखाकार, वरिष्ठ सहायक प्रभात चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रताप विहार में ही एक व्यावसायिक भूखंड 1.28 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से बिका, जबकि इंदिरापुरम योजना में स्थित पांच कन्वीनियंट शॉपिंग भूखंडों की बिक्री से 4.84 करोड़ रुपये की आमदनी हुई। इसी योजना में एक आवासीय भवन 1.04 करोड़ रुपये में बिका।

इसके अतिरिक्त यूपी बॉर्डर पर स्थित एक दुकान का भूखंड 25 लाख रुपये में और इंद्रप्रस्थ योजना के एक व्यावसायिक भूखंड से 1.17 करोड़ रुपये की आमदनी हुई। कर्पूरीपुरम योजना में स्थित एक आर्ट गैलरी भूखंड भी खासा आकर्षण का केंद्र रहा, जो 3.07 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ। नीलामी से प्राप्त कुल आय लगभग 24.02 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जिससे जीडीए की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को गति देने में सहूलियत होगी। गाजियाबाद में प्रॉपर्टी बाजार में लगातार उछाल बना हुआ है और निवेशकों का विश्वास जीडीए की योजनाओं पर मजबूत है।