हरलाल संस्थान में स्मृति-2025 के रंग में रंगे छात्र: विदाई समारोह में भावनाओं, उल्लास और उमंग का अनूठा संगम

-बीसीए और एमसीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को दी गई आत्मीय विदाई, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आत्म-प्रदर्शन ने बांधा समा

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। हरलाल प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के कंप्यूटर अनुप्रयोग विभाग द्वारा शनिवार को एक अत्यंत हृदयस्पर्शी एवं उत्सवमयी वातावरण में बीसीए (2022-25) तथा एमसीए (2023-25) अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह स्मृति-2025 का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के अब तक के शैक्षिक सफर को सम्मानित करने और उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएँ अर्पित करने का सजीव मंच बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुई, जिसमें उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने माँ शारदे का आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात विभाग के नरेंद्र उपाध्याय ने मंच पर उपस्थित माननीय अध्यक्ष एच. एस. बंसल, सचिव अनिल बंसल, समूह निदेशक प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार तथा कार्यकारी निदेशक डॉ. विक्रांत चौधरी का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया।

इस विशेष अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए कनिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। गीत-संगीत, नृत्य तथा नाट्य की अद्भुत प्रस्तुतियों ने मंच को जीवंत बना दिया। संपूर्ण सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण और प्रतीकात्मक दृश्य रहा, अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की रैम्प प्रस्तुति, जिसमें उन्होंने आत्मविश्वास, गरिमा और अपार ऊर्जा के साथ मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस क्षण में जहां एक ओर बीते पलों की मिठास और विदाई की टीस थी, वहीं दूसरी ओर नए सफर की आशा, संभावनाएं और उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। स्मृति-2025 केवल एक आयोजन नहीं, अपितु विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच के रिश्तों का उत्सव बन गया। वह संबंध जिनमें ज्ञान, मार्गदर्शन, अनुशासन और स्नेह की अभूतपूर्व समरसता देखने को मिली। यह विदाई समारोह उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना, जो अब जीवन के नए पड़ाव की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

समारोह में सभी विशिष्ट अतिथियों एवं शिक्षकगणों ने विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद प्रदान किया। अंत में संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए, जो उनके इस अविस्मरणीय दिवस की अमूल्य निशानी बनकर सदैव उनकी स्मृतियों में जीवित रहेंगे।