अवैध शराब तस्करों पर आबकारी विभाग का प्रहार

-आबकारी विभाग की सतर्कता से पकड़ा गया हरियाणा शराब तस्कर
-रेडिसन होटल के पास सस्ती शराब बेचकर करता था मोटी कमाई
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। मंगलवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई में आबकारी विभाग और थाना सेक्टर-58 की संयुक्त टीम ने एक शराब तस्कर को धर दबोचा, जो हरियाणा से सस्ती शराब लाकर स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों पर बेच रहा था। इस कार्रवाई को जनपद में अवैध शराब पर कड़ी लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चल रही इस मुहिम की सराहना की जा रही है, जिसमें विभाग की सतर्कता, सूचना तंत्र की मजबूती और जमीनी स्तर पर तेज़ कार्यवाही के चलते अपराधियों की कमर तोड़ी जा रही है। आबकारी अधिकारी श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान जारी है।
मंगलवार सुबह विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर रेडिसन होटल के पास दबिश दी गई, जहां समीर पुत्र सहीबूल उर्फ सहाबुद्दीन को रंगे हाथों अवैध शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 82 पव्वे कैसीनो प्राइड व्हिस्की (200 एमएल, ‘फॉर सेल इन हरियाणाÓ अंकित) बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 16.40 बल्क लीटर है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए दैनिक दबिश, गुप्त जांच, और लाइसेंसी दुकानों पर नियमित टेस्ट परचेजिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान बिना किसी ढील के लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें पूरी सक्रियता से लगातार कार्य कर रही हैं। हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी हाल में जनपद में अवैध शराब का कारोबार न पनप सके। मंगलवार को की गई कार्रवाई इसी सतर्कता का परिणाम है, जिसमें हरियाणा से अवैध रूप से लाई जा रही शराब को जब्त कर तस्कर को गिरफ्तार किया गया। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जनता से अपील है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
सख्त कार्रवाई से माफिया में हड़कंप
आबकारी विभाग की मुहिम से अवैध शराब के कारोबारी सकते में हैं। हरियाणा, पंजाब और अन्य सीमावर्ती राज्यों से सस्ती शराब लाकर स्थानीय बाजारों में महंगे दामों पर बेचने वाले गिरोहों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
जनहित में सतर्क अभियान
जिले में अवैध शराब से जुड़ी घटनाओं और जहरीली शराब की आशंका को रोकने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान को जनहित में बेहद महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। स्थानीय जनता ने आबकारी विभाग की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की सराहना की है।