बृज विहार नाले में जल प्रवाह बाधित, विद्युत लाइन देख भड़के नगर आयुक्त

-सेतु निगम, विद्युत विभाग और नगर निगम को तीन दिन में समाधान के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बुधवार को वसुंधरा जोन के अंतर्गत बृज विहार पहुंचे, जहां उन्होंने मानसून से पूर्व तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बृज विहार में निर्माणाधीन पुलिया और उससे जुड़े नाले की सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने स्थिति को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने पाया कि पुलिया निर्माण के दौरान सेतु निगम द्वारा नाले में अवरोध खड़ा किया गया है, जिसके चलते जल प्रवाह बाधित हो रहा है। इससे बरसात के समय जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं को चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि अविलंब नाले की रुकावटों को हटाया जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मानसून से पहले सभी कार्य पूरे हो सकें। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त की नजर नाले के बीचोंबीच से गुज़र रही एक बड़ी विद्युत लाइन पर पड़ी, जो जल प्रवाह को और भी अधिक बाधित कर रही थी।

उन्होंने इसे विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही करार देते हुए अधिकारियों से स्पष्ट जवाब मांगा। नगर आयुक्त ने स्वयं उस लाइन की तस्वीरें खींचकर विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजीं और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को निर्देश दिया कि इस अवैध लाइन को तत्काल हटवाने की कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति इस तरह की लाइन बिछाना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि शहरवासियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के बाद सेतु निगम, विद्युत विभाग और नगर निगम को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि नाले की समुचित सफाई, जल प्रवाह की बहाली और अवरोध हटाने के सभी कार्य तत्काल पूरे किए जाएं।

साथ ही निर्माणाधीन पुलिया को शीघ्र पूरा कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर काम करें ताकि मानसून के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरे क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग करते रहें और हर कार्य का पूर्व परीक्षण सुनिश्चित करें। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार और वसुंधरा जोन प्रभारी एसके राय सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।