-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में थैनॉक्स कंसल्टिंग इनवायरटेक कंपनी ने दिया प्रस्तुतिकरण
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। लोहिया नाला के सीवेज को शोधित करने के लिए सोमवार को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के बोर्ड रूम में बैठक हुई। बैठक में मैसर्स थैनॉक्स कंसल्टिंग इनवायरटेक कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुतिकरण दिया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से होकर गुजरने वाले लोहिया नाले के प्रभावी ट्रीटमेंट की योजना पर विचार-विमर्श करना रहा।
बैठक में एसीईओ सुनील कुमार सिंह, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और सुमित यादव मौजूद रहे। बैठक के दौरान कंपनी द्वारा अपने पूर्व में किए गए कार्यों का विस्तृत प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। थैनॉक्स टीम ने लोहिया ड्रेन की वर्तमान स्थिति पर आधारित सर्वे रिपोर्ट भी साझा की। इसके अतिरिक्त ग्रेटर नोएडा में सीवरेज ट्रीटमेंट के प्रस्तावित कार्यों को किस प्रकार से क्रियान्वित किया जाएगा।
इसकी विस्तृत कार्ययोजना अधिकारियों के समक्ष रखी गई। बैठक में प्राधिकरण अधिकारियों ने कार्य की अनुमानित लागत के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा यह स्पष्ट किया कि सभी कार्य प्राधिकरण द्वारा निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुरूप ही संपन्न होने चाहिए। इसके साथ ही कंपनी से एक पुख्ता और विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जीएम प्लानिंग लीनू सहगल, सलाहकार समाकांत श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रबंधक सुधीर कुमार मौजूद रहे।
















