बिना अनुमति के एक ईंट भी नहीं बचेगी, जीडीए का बुलडोजर फिर गरजा

-सिहानी की 10 बीघा ज़मीन से अवैध निर्माण ढहा कर जीडीए ने दिया सख़्त संदेश, नियम तोड़ोगे तो ढह जाएगा साम्राज्य

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अवैध निर्माणकर्ताओं के लिए अब कोई रियायत नहीं है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के कड़े निर्देशों के बाद शुक्रवार को सिहानी के सद्दीकनगर क्षेत्र में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में फैले अनाधिकृत निर्माण को ज़मीनदोज़ कर दिया गया। इस बुलडोजर अभियान की कमान संभाली प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह ने। उनके साथ सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला, अवर अभियंता इम्तियाज अहमद और जीडीए का पुलिस बल पूरी तरह से सक्रिय रहा।
धीरेंद्र त्यागी ने खसरा संख्या 719, ग्राम सिहानी में करीब 450 वर्गगज क्षेत्र में मकान खड़ा कर लिया था। रोहताश त्यागी, विकास त्यागी और मुनेन्द्र त्यागी ने खसरा संख्या 424 पर लगभग 10 बीघा भूमि पर बिना अनुमति के भारी निर्माण करा लिया था।

जीडीए प्रवर्तन टीम ने बिना किसी देरी के बुलडोज़र चलाकर दोनों ही स्थलों पर निर्माण को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जैसे ही शुरू हुई, अवैध निर्माण करने वाले लोग जमकर विरोध पर उतर आए। स्थिति को बिगडऩे से पहले ही जीडीए पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए अवरोधकों को वहां से खदेड़ा, और कार्रवाई पूरी की गई। इससे जीडीए का यह साफ संदेश है कि अवैध निर्माण को न तो बर्दाश्त किया जाएगा। ओएसडी राजीव रतन सिंह ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि गाजियाबाद में किसी को भी बिना स्वीकृति निर्माण करने की छूट नहीं है। ऐसी किसी भी गतिविधि पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। अगली कार्रवाई की सूची तैयार है। बुलडोज़र अब लगातार चलेगा। जहां यह कार्रवाई अवैध निर्माणकर्ताओं के लिए डर का संदेश है, वहीं नियमों के मुताबिक रहने वाले नागरिकों के लिए राहत की शुरुआत है। जीडीए की ये मुहिम सिर्फ ज़मीन खाली नहीं कर रही, बल्कि शहर में नियमों की नींव मजबूत कर रही है।