इंदिरापुरम में चला जीडीए का बुलडोजर: अवैध निर्माण जमींदोज, ग्रीन बेल्ट से कब्जा हटाया

-नियमों की अनदेखी पर सख्त एक्शन, जीडीए कि चेतावनी-अब नहीं चलेगा अतिक्रमण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की टीम ने शनिवार को इंदिरापुरम में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी आलोक रंजन के नेतृत्व में टीम ने ज्ञानखंड-1 स्थित भूखंड संख्या-14 पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बनाए गए अतिरिक्त निर्माण को ध्वस्त कर दिया। मौके पर हथौड़े और बुलडोजर के जरिए अवैध निर्माण को नेस्तनाबूद कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता गोपाल कृष्ण, वीके पांडेय तथा गाजियाबाद प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहे। टीम ने बिना अनुमति और मानचित्र के विपरीत बनाए गए हिस्से को पूरी तरह गिरा दिया, जिससे क्षेत्र में अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया। इसी अभियान के तहत जीडीए की टीम ने वल्र्ड रेजीडेंसी के निकट ग्रीन बेल्ट क्षेत्र, जिसे नर्सरी के लिए आरक्षित किया गया था, उस पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया। यह भूमि प्राधिकरण द्वारा हरियाली और पर्यावरण संतुलन के लिए सुरक्षित की गई थी, जिस पर निजी कब्जा जमाया जा रहा था।

टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर से कब्जा या अवैध निर्माण किया गया, तो बिना किसी नोटिस के सीधी कार्रवाई की जाएगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वीकृत नक्शे के विपरीत कोई भी निर्माण स्वीकार नहीं होगा। नियमों को ताक पर रखकर निर्माण करने वालों के खिलाफ यही कड़ा रुख जारी रहेगा। गाजियाबाद में तेजी से हो रहे शहरीकरण के बीच जीडीए ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक उपयोग की ज़मीनों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। यह कार्रवाई उसी का हिस्सा है और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी।