-महापौर सुनीता दयाल ने 8.50 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की ओर से बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार को महापौर सुनीता दयाल ने विजय नगर क्षेत्र और शहर के अन्य इलाकों में 8 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि शहर की सड़कों और नालों की स्थिति लंबे समय से जर्जर थी, जिस कारण आम जनता को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इन कार्यों के पूरे होने के बाद लोगों को न केवल राहत मिलेगी बल्कि गाजियाबाद का चेहरा भी और अधिक स्वच्छ व आधुनिक दिखाई देगा। महापौर ने विशेष रूप से विजय नगर स्थित एनएच-9 से तिगरी गोलचक्कर तक ताज हाईवे की सर्विस रोड के डेंस द्रव सुधार एवं इंटरलॉक टाइल्स से पटरी निर्माण को शहर का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया।
लगभग 7 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क न केवल क्षेत्रीय निवासियों बल्कि शहर में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी सुविधाजनक होगी। इसके साथ ही मेरठ रोड विकास नगर और बजरिया मुख्य मार्ग पर भी सड़कों व नालों का निर्माण कराया जा रहा है, जिन पर क्रमश: 61 लाख और 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। महापौर ने कहा कि इन योजनाओं की अनुमति 15वें वित्त आयोग की निधि से प्रदान की गई है और निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यों की शुरुआत कराई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे कर जनता को समर्पित किए जाएंगे। उनके अनुसार, यह प्रयास जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे हैं ताकि किसी भी नागरिक को रास्तों की खराब स्थिति के कारण परेशानी न उठानी पड़े।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पार्षद धीरेन्द्र यादव, पार्षद सुमनलता पाल, पार्षद पति वीर सिंह जाटव, देवेंद्र पाल, अजय कालरा, सहायक अभियंता श्याम सिंह, अवर अभियंता प्रीति बंसल, तेजेंद्र सिंह बत्रा, एसपी सिंह ओबरॉय, प्रेमलता कोर, सुरेंद्र पाल, पवन वर्मा, ललित कपूर, कुंज बिहारी और नितिन रावत समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने इस मौके पर कहा कि विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी तथा गाजियाबाद को आने वाले समय में प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ शहरों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में नगर निगम पूरी मेहनत से काम करेगा।
















