व्यापारियों की सुरक्षा पर फोकस: डीसीपी धवल जायसवाल की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी

-अवैध पार्किंग, ट्रैफिक जाम और चोरी की घटनाओं पर खुलकर बोले व्यापारी, पुलिस ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की सुरक्षा व्यवस्था और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गाजियाबाद पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को पुलिस उपायुक्त (नगर जोन/मुख्यालय) धवल जायसवाल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में व्यापार मण्डल एवं व्यापारी बंधुओं की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर भी मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान शहर के विभिन्न बाजारों से आए व्यापारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा। व्यापारियों ने कहा कि त्योहारी सीजन और भीड़भाड़ वाले दिनों में बाजारों के बाहर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। कई व्यापारियों ने बाजारों के बाहर अवैध पार्किंग, एटीएम और बैंकों के पास सुरक्षा इंतजामों की कमी तथा चोरी और जेबतराशी जैसी घटनाओं पर भी चिंता जताई।

व्यापारियों ने यह भी मांग की कि बाजारों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग हो और ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए वैकल्पिक रूट तैयार किए जाएं। सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हर शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जाएगा और जहां आवश्यक होगा, वहां विशेष अभियान चलाकर स्थिति को दुरुस्त किया जाएगा। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात ने आश्वासन दिया कि बाजारों में ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

वहीं एसीपी कोतवाली नगर ने कहा कि थाना स्तर पर हर व्यापारी की समस्या को प्राथमिकता दी जाएगी और पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि व्यापारी और पुलिस आपसी संवाद व समन्वय से किसी भी समस्या का समाधान आसानी से कर सकते हैं। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। गोष्ठी का माहौल सकारात्मक और समाधानकारी रहा। व्यापारियों ने भी भरोसा जताया कि यदि पुलिस और व्यापारी वर्ग एकजुट होकर काम करेंगे तो गाजियाबाद शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और व्यापार के अनुकूल माहौल देने में बड़ी सफलता मिलेगी।

धवल जायसवाल
डीसीपी सिटी

व्यापारी वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पुलिस प्रशासन हर शिकायत का त्वरित निस्तारण करेगा और आवश्यकतानुसार विशेष अभियान चलाकर स्थिति को दुरुस्त किया जाएगा। व्यापारियों की सुरक्षा और सुविधा हमारी प्राथमिकता है।
धवल जायसवाल
पुलिस उपायुक्त (नगर जोन/मुख्यालय)