-जागरूकता और सख्त कार्यवाही से जिले को मिल रही नई पहचान
-जेवर, कनिगढ़ी और यमुना डूब क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर विभाग का डंडा
-हरियाणा बॉर्डर पर आबकारी टीम की धुआंधार छापेमारी
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का डंडा लगातार चल रहा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की सख्त निगरानी और जीरो टॉलरेंस की नीति ने शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है। मंगलवार को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय और नामवर सिंह की विभागीय टीम ने एसडीएम जेवर, एसीपी जेवर और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर हरियाणा सीमा से लगे संवेदनशील इलाकों में बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान विशेष रूप से जेवर, कनिगढ़ी, झुप्पा और यमुना नदी के डूब क्षेत्र में केंद्रित रहा, जहां अवैध शराब की तस्करी और बिक्री लंबे समय से चिंता का कारण रही है। टीम ने छापेमारी के दौरान संदिग्ध ठिकानों की सघन तलाशी ली, दुकानों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों को अवैध शराब से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि बाहरी राज्यों से लाई जा रही शराब न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने साफ चेतावनी दी जिले में अवैध शराब कारोबारियों के लिए कोई जगह नहीं है। नियम तोडऩे वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सघन प्रवर्तन अभियान के तहत जेवर क्षेत्र की कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप और सीएल-5सीसी दुकानों का गहन निरीक्षण किया गया। दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक, कैनटीन और सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। टीम ने गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कर यह सुनिश्चित किया कि केवल अनुमन्य और वैध शराब ही बेची जा रही है। साथ ही सभी दुकानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की भी बारिकी से जांच हुई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि कैमरे लगातार संचालित रहें और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गौतमबुद्धनगर जिले में अवैध शराब के कारोबार के लिए किसी भी कीमत पर जगह नहीं छोड़ी जाएगी। यह धंधा समाज, युवाओं और आमजन के स्वास्थ्य के लिए घातक है। हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति स्पष्ट है, चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि अवैध शराब के धंधे में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। इस विशेष प्रवर्तन अभियान का उद्देश्य केवल छापेमारी करना नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराना भी है। जिले को अवैध शराब के दंश से पूरी तरह मुक्त करना ही हमारी प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्यवाही की जाएगी।
जनता से अपील- अवैध शराब से दूरी बनाएं
आबकारी टीम ने छापेमारी के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि अवैध शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए घातक है और इसके कारोबार में शामिल होना कानूनन अपराध है। लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या खपत हो रही है तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव की मुहिम की सराहना
जिले में लगातार चल रहे इस विशेष अभियान ने यह साबित कर दिया है कि जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की सख्ती और दूरदर्शिता अवैध कारोबारियों के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं है। उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति और जमीनी कार्यवाही की वजह से शराब माफियाओं की जड़ें कमजोर हो रही हैं। प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त मुहिम ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि जिले को अवैध शराब के दंश से मुक्त करना अब सिर्फ नारा नहीं बल्कि हकीकत बनकर सामने आएगा।

















