-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर सड़क मरम्मत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में वर्षा के बाद गहरे गड्ढों और सड़क जर्जर होने के कारण गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने हम-तुम रोड पर गड्ढे भरने का कार्य आरंभ कर दिया है। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के दिशा-निर्देश पर रोड पर रोड़ी डालकर गड्ढे भरने का काम शुरू किया गया, जिससे आसपास रहने वाले नागरिकों को लंबित समय से राहत मिलेगी। जीडीए अभियंत्रण जोन-1 अनुभाग ने राजनगर एक्सटेंशन की प्रमुख हम-तुम रोड की मरम्मत कार्य को गिट्टी और जीएसबी डालकर शुरू किया। इस कार्य से न केवल सड़क की सतह समतल होगी, बल्कि आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित और सहज यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। लगभग आधा दर्जन सोसाइटियों में रहने वाले परिवारों ने इस पहल के लिए जीडीए का धन्यवाद किया। राजनगर एक्सटेंशन में लगभग 2700 मीटर लंबाई वाली हम-तुम रोड का निर्माण जीडीए द्वारा किया जाएगा। रोड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निलाया ग्रीन, महकजीवन, राज विलास, दिया ग्रीन, संचार, मीडोज और मोती रेजीडेंसी के परिवारों ने सड़क पर गड्ढे भरने की मांग की थी।
18 और 24 मीटर चौड़ी सड़क बनाने के लिए किसानों से भूमि खरीद प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। किसानों को लगभग 7.50 करोड़ रुपए मुआवजे के रूप में दिए जा चुके हैं। इस सड़क निर्माण परियोजना पर कुल 42 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिसमें से लगभग 32 करोड़ रुपए प्रतिकर के रूप में किसानों को भुगतान किया जाएगा। गड्ढों की मिट्टी भराई का काम बरसात के बीच भी पूरा कर लिया जाएगा, ताकि मिट्टी बैठने के बाद पक्की रोड का निर्माण तेजी से किया जा सके। 18 मीटर चौड़ी सड़क की लंबाई लगभग 750 मीटर और 24 मीटर चौड़ी सड़क की लंबाई लगभग 350 मीटर होगी। गड्ढे भरने और सड़क निर्माण के साथ ही नगर निगम की अन्य परियोजनाओं की गति भी तेज होगी। इस पहल से न केवल सड़क की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि शहर में यातायात सुरक्षा, सुगम आवागमन और विकास के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।
किसानों की सहमति और सहयोग से सड़क निर्माण में गति
किसानों के लंबे समय से विरोध के कारण सड़क निर्माण बाधित था। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि किसानों की भूमि डीएम सर्किल रेट के दोगुने मूल्य पर खरीदी जाएगी। कई गांवों के किसानों ने सड़क निर्माण के लिए पूर्ण सहमति दे दी है और जल्द ही बैनामा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
टोटल स्टेशन सर्वे और पिलरिंग कार्य पूरा
जीडीए की भू-अर्जन और अभियंत्रण अनुभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर टोटल स्टेशन सर्वे (टीएसएस) के आधार पर भूमि चिन्हांकन पूरा किया। इसके बाद 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़क के लिए पिलरिंग का काम भी पूरा किया गया।
उपाध्यक्ष अतुल वत्स का ब्यान: बेहतर यातायात और सुनियोजित विकास
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि इस सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी और शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि हम-तुम रोड, प्रस्तावित कमिश्नरेट पुलिस ऑफिस सड़क और सिकरोड़ गांव समेत अन्य मार्गों पर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
















