हर महिला में होता है मां दुर्गा का अदम्य साहस : प्रियाश्री पाल

-एसीपी वेवसिटी ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा का संदेश दिया
-पिंक बूथ और एंटी रोमियो स्क्वॉड के माध्यम से नवरात्र पर जागरूकता अभियान चलाया गया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मिशन शक्ति 5.0 को पूरी तरह सफल बनाने के लिए गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं। इस अभियान में पिंक बूथ और एंटी रोमियो स्क्वॉड की टीम महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए सतत प्रयासरत है। विशेष रूप से एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल इस मुहिम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। हाल ही में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के मां दुर्गा पांडाल में एसीपी प्रियाश्री पाल ने पिंक बूथ व एंटी रोमियो स्क्वॉड की प्रभारी और एसओ क्रॉसिंग रिपब्लिक सरिता सिंह की महिला टीम के साथ उपस्थित होकर वहां मौजूद महिलाओं, विशेषकर बालिकाओं, को मिशन शक्ति 5.0 का महत्व समझाया।

उन्होंने महिलाओं को अपराध से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कमिश्नरेट पुलिस द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों के सही उपयोग पर जोर दिया। इस अवसर पर एसीपी प्रियाश्री पाल ने कहा कि नवरात्र के पावन पर्व पर यह संदेश सभी महिलाओं तक पहुँचाना आवश्यक है कि हर महिला में मां दुर्गा का स्वरूप होता है। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और समाज में उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जागरूकता फैलाना है।

इस दौरान पांडाल में उपस्थित लोगों ने एसीपी प्रियाश्री पाल और महिला टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस प्रशासन का यह अभियान पूरे शहर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा।