-राजनगर एक्सटेंशन की सभी प्रमुख सड़कों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय पर कार्य को प्राथमिकता
-भूमि अधिग्रहण, विद्युत पोल स्थानांतरण और जोनल कनेक्टिविटी पर विशेष फोकस
-अवैध निर्माण और शराब ठेकों पर जीडीए उपाध्यक्ष की सख्त कार्रवाई
-अतुल वत्स की सक्रियता और ठोस निर्देशों से निर्माण कार्यों में तेजी की उम्मीद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बुधवार को राजनगर एक्सटेंशन में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और स्थल पर उपस्थित ठेकेदारों को कार्य में की जा रही धीमी गति पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों के साथ सड़क निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी कर्मियों की अनुपस्थिति, मिट्टी भराव की प्रगति और विद्युत पोलों के स्थानांतरण की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने पाया कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है और स्थल पर कोई तकनीकी टीम भी मौजूद नहीं है। अतुल वत्स ने ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सुपरवाइजर तैनात किया जाए और लेयर-टू-लेयर मिट्टी भराव व वाइब्रेट्री कॉम्पैक्टर से सड़क की कम्पैक्ट्री सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली मिट्टी का परीक्षण उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कराया जाए। उपाध्यक्ष ने राजनगर एक्सटेंशन में 45 मीटर, 30 मीटर और 18 मीटर चौड़ी सड़कें का निरीक्षण किया। 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड, जो गौड़ कैसकेड सोसायटी से प्रारंभ होकर मार्डन स्कूल और मेरठ रोड तक जाती है, में भूमि अधिग्रहण और सड़क कनेक्टिविटी की समीक्षा की। उन्होंने भू-अर्जन अनुभाग प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी मार्गों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए भूमि अधिग्रहण और खरीद की प्रक्रिया तेज़ की जाए।
निरीक्षण के दौरान अतुल वत्स ने स्पष्ट किया कि राजनगर एक्सटेंशन में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और तकनीकी मानकों की निगरानी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को चेताया कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उनके सक्रिय नेतृत्व और कठोर निर्देशों से निर्माण कार्यों में तेजी आने की संभावना है। अतुल वत्स ने यह सुनिश्चित किया कि राजनगर एक्सटेंशन में सड़क निर्माण कार्यों के सभी चरण समय पर पूरे हों, अवैध निर्माण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरती जाए और परियोजना की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित हो। उनका सक्रिय निरीक्षण और ठोस दिशा-निर्देश इस क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रेरक साबित होंगे।
विद्युत पोल स्थानांतरण में सक्रियता
निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे विद्युत पोलों को स्थानांतरित करने के लिए अतुल वत्स ने विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने और कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 18 मीटर और 30 मीटर चौड़ी जोनल रोड में पोल स्थानांतरण का आंकलन कर कार्य का प्राकलन तैयार कराने के आदेश दिए।
अवैध निर्माण और शराब ठेकों पर कड़ी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में कई अवैध निर्माण और शराब ठेके पाए गए। अतुल वत्स ने जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी और ओएसडी को तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने और शराब ठेकों को बंद कराने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के पास सड़क का निरीक्षण
उपाध्यक्ष ने प्रस्तावित पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के पास प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी जोनल रोड का निरीक्षण किया और इस मार्ग पर भूमि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य की धीमी प्रगति पर संतोष नहीं जताया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाना चाहिए।

जीडीए उपाध्यक्ष
राजनगर एक्सटेंशन में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति बेहद धीमी है, और स्थल पर तकनीकी कर्मियों की अनुपस्थिति अस्वीकार्य है। संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि कार्य को सुपरवाइजर की निगरानी में दिन-रात किया जाए। सभी मार्गों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी, और भूमि अधिग्रहण व स्थानांतरण के कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएंगे। हमारी प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण और अवैध निर्माण तथा अवैध शराब ठेकों पर सख्त कार्रवाई करना है। जनता को बेहतर और सुरक्षित सड़कें मिले, इसके लिए हम किसी भी प्रकार की ढील नहीं छोड़ेंगे।
अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष
















