हरा-भरा और आधुनिक गाजियाबाद: सौंदर्यीकरण में गाजियाबाद जुटा नगर निगम

-महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में शहर के प्रमुख चौराहों, भव्य गेट और हरे-भरे उद्यानों के लिए व्यापक योजनाओं की समीक्षा
-अधिकारियों के साथ बैठक में सौंदर्यीकरण की प्रगति की समीक्षा, एलिवेटेड गेट और आकर्षक स्टैच्यू परियोजनाओं को दी हरी झंडी
गाजियाबाद के सौंदर्यीकरण में महापौर का नेतृत्व, आकर्षक गेट और चौराहों से बनेगी शहर की नई पहचान
-नगर आयुक्त ने अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए, सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट को और हरा-भरा करने की योजना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ, सुंदर व आधुनिक स्वरूप देने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने सौंदर्यीकरण अभियान को तेज कर दिया है। महापौर सुनीता दयाल स्वयं इस अभियान की कमान संभाल रही हैं और लगातार शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को महापौर की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में महापौर ने शहर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और पूर्व में जारी निविदाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चार चौराहों के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव पर तेजी से काम हो रहा है। अधिकारियों ने अवगत कराया कि 20-20 फीट ऊंचाई वाले आकर्षक स्कल्पचरों के लिए स्थानों का चिन्हीकरण किया जा चुका है और अब इन्हें लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ये स्कल्पचर विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर शहर की नई पहचान बनेंगे।

महापौर ने कहा कि गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर बनाने के लिए नगर निगम की टीम पूरी गंभीरता और इच्छाशक्ति से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शहर में कई भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें सबसे अधिक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट एलिवेटिड गेट का है, जिसका नामकरण पूर्व में सदन में ‘श्री राम सेतु’ किया जा चुका है। यह गेट शहर में प्रवेश करने वाले आगंतुकों को श्री राम मंदिर निर्माण की याद दिलाएगा और गाजियाबाद की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा।
महापौर ने कहा कि शहर में बनने वाले सुंदर स्टैच्यू और भव्य गेट न केवल दृश्य सौंदर्य बढ़ाएंगे, बल्कि यह स्थानीय लोगों और बच्चों के लिए प्रेरणादायक भी होंगे। शहर का हर नागरिक एक स्वच्छ, हरा-भरा व आधुनिक गाजियाबाद देखना चाहता है, और नगर निगम इसी लक्ष्य की दिशा में लगातार काम कर रहा है। बैठक में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ कर दिए जाएं।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के सौंदर्यीकरण मॉडल से अन्य शहर भी प्रेरणा लेंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रमुख स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां जाम की समस्या कम करने हेतु आवश्यक कट बनाए जाएंगे और साथ ही उस क्षेत्र की सुंदरता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उद्यान विभाग द्वारा सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट को और अधिक हरा-भरा बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। फूलों, पौधों और लैंडस्केपिंग के माध्यम से शहर को पर्यावरणीय रूप से भी मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर निगम के इस व्यापक सौंदर्यीकरण अभियान से शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे गाजियाबाद न सिर्फ एनसीआर बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।