साईं उपवन में गाजियाबाद की पहली एलिवेटेड ट्रेल, खेल और मनोरंजन का नया आयाम

-650 मीटर लंबी ट्रेल में बास्केटबॉल, पिकल बॉल, बॉक्स क्रिकेट के साथ पार्किंग, कैफे और पब्लिक टॉयलेट की आधुनिक सुविधाएं; बी.ओ.टी. मॉडल से नगर निगम को भी मिलेगा राजस्व लाभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम शहर वासियों के लिए एक अत्यंत अभिनव और आकर्षक परियोजना लेकर आया है। साईं उपवन में बनाई जाने वाली 650 मीटर लंबी और 1.5 मीटर चौड़ी एलिवेटेड ट्रेल उत्तर प्रदेश की पहली एलिवेटेड ट्रेल होगी। यह प्रोजेक्ट शहर वासियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों के लिए मनोरंजन और खेल का एक नया केंद्र साबित होगा। नगर आयुक्त ने बताया कि एलिवेटेड ट्रेल परियोजना बिल्ट-ऑपरेट-ट्रांसफर (बी.ओ.टी.) मॉडल पर आधारित होगी। नगर निगम द्वारा निर्माण और संचालन के लिए निविदा आमंत्रित की गई है, जिसे 11 दिसंबर को खोला जाएगा। इस अद्भुत ट्रेल में खेल सुविधाओं के लिए विशेष क्षेत्र बनाए जाएंगे, जिनमें बास्केटबॉल, पिकल बॉल और बॉक्स क्रिकेट शामिल हैं। इसके अलावा ट्रेल में पब्लिक टॉयलेट, पार्किंग स्पेस और कैफे एरिया भी विकसित किया जाएगा, ताकि खेल और मनोरंजन के साथ-साथ नागरिकों को आरामदायक वातावरण भी प्राप्त हो।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि यह प्रोजेक्ट गाजियाबाद नगर निगम के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यह उत्तर प्रदेश में पहली एलिवेटेड ट्रेल होगी। उन्होंने बताया कि ट्रेल का निर्माण स्थानीय नागरिकों और खेल प्रेमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग पांच करोड़ रुपये है और बी.ओ.टी. मॉडल के तहत इसे निर्माण के साथ-साथ संचालन का कार्य भी दिया जाएगा। इससे नगर निगम को राजस्व में भी लाभ मिलेगा। नगर आयुक्त ने आगे कहा कि गाजियाबाद नगर निगम लगातार शहर वासियों के लिए नई और उपयोगी योजनाएँ लाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। एलिवेटेड ट्रेल न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए, बल्कि आसपास के शहरों से आने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। यह परियोजना साइ उपवन को गाजियाबाद का प्रमुख खेल और मनोरंजन स्थल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ट्रेल में प्रत्येक सुविधा को आधुनिक मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। खेल क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। पार्किंग और कैफे क्षेत्र को ऐसा डिजाइन किया जाएगा कि वहाँ आने वाले नागरिकों को आराम और सुविधाजनक अनुभव प्राप्त हो। नगर आयुक्त ने निविदा प्रक्रिया और निर्माण कार्य के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि परियोजना जल्द ही शुरू की जाएगी। चयनित फर्म एलिवेटेड ट्रेल का निर्माण और संचालन करेगी, जिससे नगर निगम के वित्तीय संसाधनों में भी वृद्धि होगी। एलिवेटेड ट्रेल परियोजना गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश में खेल और मनोरंजन के क्षेत्र में अग्रणी शहर बनाने में मदद करेगी। यह न केवल युवाओं को खेल गतिविधियों की ओर आकर्षित करेगी, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण सुधार में भी योगदान देगी।

नगर निगम की इस पहल से न सिर्फ खेल प्रेमियों को लाभ मिलेगा, बल्कि यह परियोजना शहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। एलिवेटेड ट्रेल के बनने के बाद साइ उपवन गाजियाबाद के लिए एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण स्थल के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता हमेशा नागरिकों की सुविधा और शहर के विकास को ध्यान में रखना है। गाजियाबाद नगर निगम के इस प्रोजेक्ट से शहर का स्वरूप और भी हरा-भरा, आधुनिक और खेल-केंद्रित बन जाएगा, जो आने वाले वर्षों में नगर निगम के विकास और शहरवासियों की जीवन गुणवत्ता में वृद्धि करेगा।

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

गाजियाबाद नगर निगम लगातार शहरवासियों के लिए नई और अभिनव योजनाएँ ला रहा है। साइ उपवन में बनने वाली एलिवेटेड ट्रेल उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी ट्रेल होगी, जो खेल, मनोरंजन और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित की जा रही है। यह ट्रेल न केवल स्थानीय लोगों के लिए बल्कि आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों और खेल प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। हमारा उद्देश्य केवल शहर में आधुनिक और मनोरंजक स्थान तैयार करना नहीं है, बल्कि गाजियाबाद को एक हरा-भरा, सुरक्षित और समृद्ध शहर बनाना भी है। निविदा प्रक्रिया के बाद चयनित फर्म एलिवेटेड ट्रेल का निर्माण और संचालन करेगी, जिससे शहरवासियों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि इस परियोजना का सही उपयोग करें और अपने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाने में सहयोग दें। हमारी प्राथमिकता है कि गाजियाबाद में हर पहलू में आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हों, और यह एलिवेटेड ट्रेल उनके जीवन में खेल, स्वास्थ्य और मनोरंजन का एक नया आयाम जोड़े।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त