गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब पर नकेल: आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार की छापेमारी ने तस्करों की धड़कनें बढ़ाईं तेज

-सर्द रात में मोर्चा संभालती आबकारी टीम, अवैध शराब तस्कर लतीफ गिरफ्तार, 106 पव्वा देशी शराब बरामद

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने सर्द भरी रातों में मोर्चा संभाल रखा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की रणनीति और दृढ़ नेतृत्व के चलते जिले में न केवल राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि अवैध शराब के कारोबार पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार रात आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना इकोटेक प्रथम की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान इकोटेक प्रथम क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी कर रहे लतीफ पुत्र इसहाक को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 106 पव्वा कैटरीना ब्रांड देशी शराब यूपी मार्का बरामद की गई। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीद कर उन्हें दुकानें बंद होने के बाद या सुबह खुलने से पहले बेचता था। यह कार्यशैली न केवल अवैध थी, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को भी चुनौती देती थी।

सुबोध कुमार की रणनीति का खास पहलू यह है कि वे न केवल दिन के समय, बल्कि रात्रि के समय भी सक्रिय रहते हैं। उनका कहना है कि अवैध शराब तस्कर अक्सर रात में सक्रिय रहते हैं, इसलिए उनकी कार्रवाई भी उसी समय करनी पड़ती है। यही कारण है कि आबकारी विभाग की टीम ने जिले में रात्रि अभियान शुरू किया, जिसने शराब तस्करों के लिए काल का काम किया। आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की कड़क और निर्णायक कार्यशैली के चलते टीम हर बार योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करती है। वे क्षेत्र की गहन निगरानी रखते हैं और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी का काम सुनिश्चित करते हैं। उनका यह रवैया तस्करों के लिए न केवल डर का कारण है, बल्कि आम नागरिकों के लिए सुरक्षा और विश्वास का संदेश भी देता है।

इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोग राहत की सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब नशे की दुकानें और अवैध शराब का कारोबार नियंत्रित होगा। सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आबकारी विभाग ने यह साबित कर दिया है कि यदि योजना, सतर्कता और दृढ़ता के साथ कार्रवाई की जाए तो अवैध शराब का कारोबार आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि अभियान जारी रहेगा और किसी भी हाल में जिले में अवैध शराब तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को अवैध शराब बेचते हुए पाया जाए तो विभाग को तुरंत सूचना दें। गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग की यह कार्रवाई न केवल तस्करों के लिए चेतावनी है, बल्कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। सुबोध कुमार श्रीवास्तव की सक्रिय और साहसी कार्यशैली ने इस अभियान को प्रभावशाली और सफल बनाया है।