जीडीए में ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव पर विशेष प्रशिक्षण, अधिकारियों और कर्मचारियों को किया जागरूकता

-आईसीआईसीआई बैंक ने दिया साइबर फ्रॉड रोकने का व्यावहारिक प्रशिक्षण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) में ऑनलाइन कार्यों और डिजिटल लेन-देन की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर फ्रॉड से बचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जीडीए सभागार में आयोजित इस सत्र का आयोजन आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड द्वारा किया गया, जिसमें साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी और लिंक आधारित ठगी जैसे विषयों पर व्यापक जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया गया कि अब ठग केवल ओटीपी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स, फर्जी लिंक और एपीके फाइल के माध्यम से पूरे मोबाइल को हैक कर लेते हैं। प्रतिभागियों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को मोबाइल में न खोलें और डिजिटल लेन-देन करते समय हमेशा सतर्क रहें।

आईसीआईसीआई बैंक के विशेषज्ञों ने नकली और असली बैंक कॉल्स के अंतर को भी समझाया। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि यह जागरूकता पहल अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर ठगों से सुरक्षित रहने में मदद करेगी और डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित बनाएगी। प्रशिक्षण में सचिव विवेक कुमार मिश्र, फाइनेंस कंट्रोलर अशोक कुमार वाजपेयी, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, फील्ड स्टाफ और बाबू शामिल हुए।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय भागीदारी दिखाई और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। उपाध्यक्ष कलाल ने आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड के योगदान की सराहना की और कहा कि भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी अधिकारी और कर्मचारी साइबर ठगों के नए तरीकों से परिचित हों और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन कर सकें।