-जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल की पहल, लंबित संपत्ति प्रकरणों के त्वरित निस्तारण की तैयारी
-एक ही स्थान पर मिलेगी सभी सुविधाएं, अधिकारी रहेंगे मौके पर मौजूद
-13 से 18 अप्रैल तक सुबह 10 से शाम 3 बजे तक चलेगा छह दिवसीय विशेष कैंप
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) से आवंटित संपत्तियों के नामांतरण एवं रजिस्ट्री लंबित होने से परेशान आवंटियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आमजन की सुविधा और वर्षों से लंबित मामलों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जीडीए द्वारा नामांतरण एवं रजिस्ट्री संबंधी छह दिवसीय विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह विशेष कैंप 13 अप्रैल से 18 अप्रैल तक जीडीए कार्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि प्राधिकरण को बड़ी संख्या में ऐसे आवेदन प्राप्त हो रहे थे, जिनमें संपत्तियों के नामांतरण और रजिस्ट्री से जुड़े प्रकरण लंबित थे। आवंटियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे, जिससे उन्हें समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए विशेष कैंप लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। विशेष कैंप के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांतरण एवं रजिस्ट्री से जुड़े कार्य संपन्न कराए जाएंगे। कैंप में जीडीए के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहेंगे और आवेदनों की जांच करते हुए प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। दस्तावेजों की जांच, आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति तथा प्रक्रियात्मक मार्गदर्शन भी उसी स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। जीडीए प्रशासन का प्रयास है कि आवंटियों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं प्रदान की जाएं। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को राहत देना तथा लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान करना है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कैंप के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और अधिक से अधिक लाभार्थियों को इसका फायदा मिले। उन्होंने कहा कि यह कैंप केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनसुविधा को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जीडीए द्वारा सभी आवंटियों एवं संपत्तिधारकों से अपील की गई है कि वे 13 अप्रैल से 18 अप्रैल के बीच आयोजित इस विशेष कैंप में पहुंचकर अपने नामांतरण एवं रजिस्ट्री संबंधी लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराएं। प्राधिकरण का मानना है कि इस अभियान से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का समाधान होगा और नागरिकों को त्वरित प्रशासनिक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
















