8 रुपये का विवाद: ग्राहक ने दुकानदार पर पलटी खौलते तेल की कड़ाही

गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 8 रुपए के विवाद में ग्राहक ने दुकानदार पर खौलता हुए तेल की कड़ाही पलट दी। जिसमें दुकानदार का सीने से लेकर पैर तक शरीर का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह झुलस गया। उक्त घटना 25 जुलाई की है। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीडि़त का आरोप है कि घटना की शिकायत पुलिस को दी गई है, मगर उसके बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नही कर रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहा है।

मसूरी थानाक्षेत्र में डासना स्थित डासना किला के पुराना बाजार में आसिफ कचौड़ी बेचने का काम करते हैं। सोमवार को भाई राशिद दुकान पर बैठा हुआ था। पड़ोसी सोनू अपनी बेटी को गोद में लेकर आया और एक कचौड़ी खाई। कचौड़ी खाने के बाद उसने 8 रुपए पेटीएम कर दिए। जब राशिद ने चेक किया तो पैसे नही आए थे। जिस पर दोनों में विवाद हो गया। राशिद के पैसे मांगने पर सोनू ने अपनी बेटी को पास में खड़े व्यक्ति को दे दी और खौलते तेल की कड़ाही राशिद के ऊपर पलट दी। आरोप है कि सोनू पूर्व में भी कई बार झगड़ा कर चुका है। घायल अवस्था में राशिद को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पीडि़त का आरोप है कि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नही कर रही है। वहीं एसएचओ आरसी पंत का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।