मंगलवार की सुबह बदमाशों पर काल बन कर टूटी पुलिस

 मुठभेड़ में 50 हजार ईनामी बदमाश समेत दो बदमाश हुए घायल

गाजियाबाद। मंगलवार की सुबह बदमाशों के लिए काल के रुप में साबित हुई। जिले में दो थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार ईनामी समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश शतिर किस्म के है। सिहानीगेट थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार 50 हजार ईनामी बदमाश ने करीब एक माह पूर्व नेहरु नगर में 24 लाख की डकैती में फरार चल रहा था। तो वहीं साहिबाबाद थाना क्षेत्र में गिरफ्तार आरोपी ट्रक चालकों से मारपीट कर ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देता था। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया। घायल सिपाही और बदमाशों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को दिन निकलने से पहले ही पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश सुधीर शर्मा पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

सीओ प्रथम अंशु जैन ने बताया सिहानीगेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा, स्वाट टीम निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह, स्वाट टीम उपनिरीक्षक अरुण वर्मा अपनी टीम के साथ मंगलवार तड़के करीब 4 बजे हमदर्द चौराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान सफेद रंग की बाइक सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख व्यक्ति ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास करने लगा। तुरंत वायरलैस पर शहरभर की पुलिस को अलर्ट किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बाइक सवार व्यक्ति ने फिर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से सुधीर शर्मा पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम विरौडी गौतम बुद्धनगर घायल हो गया। मुठभेड़ में हेड कॉन्स्टेबल इरफान की दाहिनी बाजू में गोली लगने से घायल हो गया।

पकड़े गए आरोपी 50 हजार रुपए का ईनामी बदमाश है। जिसके खिलाफ उत्तराखंड में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के नेहरूनगर थर्ड में उद्यमी रमन सरीन के घर में 7 अक्टूबर को डकैती डाली गई थी। बदमाशों ने मां-बेटी के मुंह पर टेप लगाकर करीब 24 लाख रुपए के नगदी-जेवरात लूट लिए थे। बदमाश रमन सरीन के ऑफिस कर्मचारी बनकर घर में घुसे थे। इस मामले में पुलिस ने 12 अक्टूबर को छह बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। खुलासा हुआ था कि रमन सरीन के पिता के दोस्त संजीव छाबड़ा ने डकैती की कहानी रची थी। इस मामले में सुधीर शर्मा और विजय शर्मा फरार थे। सुधीर पकड़ा गया है। विजय की तलाश जारी है। डकैती में शामिल आठ में से सात बदमाश पकड़े जा चुके हैं। आरोपी के पास से पुलिस ने तंमचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक, डकैती के 15000 रुपए, चैन पीली धातु, झुमका कान का, चेक बुक डकैती में लूटी गई बरामद किया गया।

ट्रक लूटने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार
एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर साहिबाबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, एसआई सुमित कुमार, सौरभ कुमार की टीम हिंडन पुल के पास चेकिंग कर रहे थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली की काली टी शर्ट पहने हुए काली स्पलेंडर बाइक पर ट्रक चालकों से लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी हिंडन पुल की तरफ आने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम को बदमाश की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया।

हिंडन पुल के पास उक्त बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मोहन नगर की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने बदमाश का पीछा किया तो फिर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से मुनाजिर पुत्र मुन्ने उर्फ मुनव्वर अली निवासी नीलमणि अर्थला कॉलोनी घायल हो गया। जिसे गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, तंमचा, कारतूस बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ लिंक रोड़, साहिबाबाद एवं दिल्ली के थानों में 14 मुकदमें दर्ज है। पूछताछ में पता चला कि गिरोह में 15 सदस्य हैं। वह साथियों के साथ मिलकर ट्रक लूटता था। अन्य साथी उसका फर्जी कागजात तैयार करके खपाते थे। सितंबर में गिरोह के 11 सदस्य साहिबाबाद पुलिस के हत्थे चढ़े थे। तीन सदस्य अब भी फरार हैं।

सीओ साहिबाबाद पूनम मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का है। जो कि अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर व आसपास के जनपदों में बाहरी राज्यों से आने वाले ट्रक चालकों से हथियारों के बल पर मारपीट एवं लूटपाट की वारदात को अंजाम देता है। लूटे हुए ट्रकों को कबाड़ में कटवाकर उनके पुर्जे व बॉडी काग अलग-अलग कर बेच देते थे। उसका इंजन व चेसिस नंबर बदलकर हिमाचल प्रदेश व पंजाब में उसका फर्जी कागजात तैयार करता था। ट्रक को बंधक बनाकर बैंक से लोन ले लेता था। आरोपी पिछले एक वर्ष से लूट व चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है।