मुंबई। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप अब नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री पायल घोष ने कश्यप पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर आलोचना होने के बाद अनुराग ने पायल के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। फिल्मकार का कहना है कि यह सिर्फ उन्हें खामोश कराने का प्रयास है। बॉलीबुड अभिनेता सुशांत सिंह केस के बाद से अनुराग कश्यप और अभिनेत्री कंगना रनौत के बीच ट्विटर पर खूब जंग चल रही है। दोनों एक-दूसरे पर ट्वीट के जरिए कटाक्ष करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। इस बीच अभिनेत्री पायल घोष ने फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर के निर्देशक अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीडऩ के गंभीर आरोप मढ़ दिए हैं। अभिनेत्री घोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना ट्वीट टैग कर अनुराग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अनुराग ने मेरे साथ काफी जोर-जबरदस्ती की। देश को इस रचनात्मक व्यक्ति में छिपे शैतान को देखना चाहिए। अभिनेत्री ने अपनी सुरक्षा को खतरा भी बताया है। अभिनेत्री पायल घोष का कहना है कि घटना 2014-2015 की है। अभिनेत्री ने यह भी दावा किया कि कश्यप ने दावा किया था कि कुछ अन्य महिला कलाकारों के साथ भी उनके अंतरंग संबंध रहे हैं। उधर, अनुराग कश्यप ने सिलसिलेवार ट्वीट कर इन आरोपों को खारिज किया है। कश्यप का कहना है कि यह उन्हें खामोश करने का प्रयास है। उन्होंने ट्वीट किया, क्या बात है, इतना समय ले लिया मुझे चुप कराने की कोशिश में। चलो कोई नहीं, मुझे चुप कराते-कराते इतना झूठ बोल गए कि औरत होकर दूसरी औरतों को भी संग घसीट लिया, थोड़ी तो मर्यादा रखिए मैडम। बता दें कि इसके पहले भी फिल्मकार अनुराग कश्यप पर संगीन आरोप लगते रहे हैं।















