कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का अचानक हुआ निधन

राजीनीति, मीडिया और समाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने निधन पर जताया शोक

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार देर शाम अचानक निधन हो गया है। राजीव त्यागी की तबीयत दिन में ठीक थी और शाम में उन्हें एक टीवी चैनल के डिबेट में शामिल होना था। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीटर के माध्यम से खुद दी थी। लेकिन शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए कौशांबी स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। राजीव त्यागी कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रवक्ता थे और टीवी चैनलों पर बढ़े ही प्रभावशाली तरीके से पार्टी का पक्ष रखते थे। राजीव त्यागी के निधन पर राजनैतिक और मीडिया जगत के लोगों के साथ-साथ गाजियाबाद के सामाजिक लोगों ने भी निधन पर शोक जताया है। राजीव त्यागी गाजियाबाद के वसुंधरा में रहते थे। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि मौत दिल का दौरा पडऩे की वजह से हुई है।

राजीव त्यागी के आवास पर दुख प्रकट करने पहुंचे अजय त्यागी, कुणाल त्यागी एवं अन्य।

राजीव त्यागी के करीबी लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक वह शाम को अचानक घर पर बेहोश हो गये। राजीव त्यागी की निधन की खबर मिलने पर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने गहरा शोक जताया है। राजीव त्यागी के साथी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने इसे एक दुखद घटना बताते हुए शोक जताया है। उन्होंने कहा कि मेरा उनका सबंध भाई की तरह था। उनके निधन से ऐसा लग रहा है जैसे छोटा भाई हमें छोड़ कर चला गया। कांग्रेस प्रवक्ता की मौत दिल का दौरा पडऩे की वजह से हुई है। राजीव त्यागी की पहचान कांग्रेस के ऐसे प्रवक्ता के रूप में रही है जो कठिन समय में भी कांग्रेस की बातों को तथ्यों के साथ जोरदार तरीके से रखकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाते थे। सभी राष्ट्रीय चैनलों पर उन्हें टीवी डिबेट करते हुए देखा जाता था। कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार का एक सदस्य खो दिया है। यह उनके जाने की उम्र नहीं थी। भाजपा उत्तर प्रदेश पश्चिमी क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय प्रवक्ता ने कह कि राजीव त्यागी के निधन का समाचार बेहद दुखद है। वह बेहद मिलनसार और सहज व्यक्ति थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वरिष्ठ पत्रकार विजय मिश्र ने राजीव त्यागी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि आज राजनीति के एक विचारशील व्यक्तित्व का निधन हुआ है। पत्रकारों के लिए प्रतिवर्ष सावन के महीने में वह आम की दावत का आयोजन करते थे और उनकी इस दावत के बहाने हम सभी पत्रकारों का एक साथ मिलन होता था। राजीव त्यागी का निधन पीड़ादायक है। गाजियाबाद कांग्रेस कमेटी ने भी राजीव त्यागी के निधन पर शोक जताया है। राजीव त्यागी के घर पर मौजूद गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी के साथ-साथ मेरे लिए बेहद कष्टदायक क्षण है। उनके पार्थिव शरीर को देखा नहीं जा रहा है। हम सभी लोग व्यथित हैं। कंट्रैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय त्यागी ने दुख जताते हुए कहा कि राजीव त्यागी राजनेता के साथ-साथ बेहद सामाजिक थे। सामाजिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहते थे। उनके निधन ने गाजियाबाद ने एक राजनैतिक एवं सामाजिक सख्सियत को खो दिया है। राजीव त्यागी का जन्म 20 जून 1970 को हुआ था। वह वसुंधरा कॉलोनी में डूप्लेक्स मकान में रहते थे। राजनीति में भी उन्होंने हमेशा गरीब एवं पीडि़तों के लिए आवाज उठाते थे।