पाकिस्तान से आए 11 शरणार्थियों के शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका

सभी एक ही परिवार के सदस्य, जांच में जुटी पुलिस

उदय भूमि ब्यूरो
जोधपुर।
पाकिस्तान से जोधपुर आए 11 शरणार्थी नागरिकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सभी के शव बरामद होने से एकाएक हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी को जहर अथवा कोई कीटनाशक वस्तु देने की आशंका जाहिर की गई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है। पुलिस के मुताबिक पाकिस्तान से आने के बाद 11 शरणार्थी जोधपुर के अचलावता गांव में खेतों में काम करते थे। वह एक ही परिवार के सदस्य थे। रोजी-रोटी के लिए वह खेतों में काम करने जाते थे। खेत के पास झोपड़ी में पूरा परिवार रह रहा था। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर छानबीन की। आस-पास के नागरिकों से पूछताछ की गई है। मृतकों के परिवार का एक सदस्य घायलावस्था में मिला है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों में 2 पुरुष, 4 महिलाएं व 5 बच्चे शामिल हैं। पुलिस को सभी की हत्या किए जाने की आशंका है। मृतकों की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मालूम पड़ सकेगा। प्रथम दृष्टया में सभी को जहर अथवा कोई कीटनाशक चीज देने का मामला प्रतीत हो रहा है। राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तान से काफी संख्या में आए शरणार्थी रह रहे हैं। वहां गांव में अधिकांश आबादी पाकिस्तानी शरणार्थियों की है।