पाक में बम धमाका, 5 की मौत, 10 गंभीर रूप से घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में आतंकवाद का खेल खुलकर खेला जा रहा है। आतंकियों के हौसले पस्त करने में इमरान सरकार नाकाम नजर आ रही है। पाक में सोमवार को शक्तिशाली बम धमाके में कम से कम 5 नागरिकों की मौत हो गई। 10 अन्य नागरिक घायल हो गए। बम धमाके के बाद घटनास्थल के आस-पास हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक बम विस्फोट बलूचिस्तान प्रांत के चमन नगर में हाजी निदा बाजार में हुआ। बम विस्फोट में 5 नागरिकों की जान चली गई। जबकि 10 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाक में प्रतिबंधित संगठनों के आतंकी और अलगाववादी खुद का वर्चस्व बनाए रखने को इस प्रकार की हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। विगत 21 जुलाई को तुरबत बाजार में बम धमाके में एक नागरिक की मौत हो गई थी और 6 अन्य घायल हो गए थे।

विलेन बन गया हीरो

पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी शहर पेशावर में जुलाई माह में अदालत के भीतर न्यायाधीश के सामने  अहमदी समुदाय के ताहिर अहमद नसीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नसीम पर ईशनिंदा का आरोप था। उसके खिलाफ कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। इस घटना को खालिद खान ने अंजाम दिया था। खालिद आज पकिस्तान में हीरो माना जा रहा है। उस पर हत्या का आरोप है, जिसकी सजा मौत है, मगर कोर्ट में जब उसके वकील उसका बचाव करने के लिए कतारबद्ध खड़े होते हैं तब मृतक नसीम का वकील डरकर छुप जाता है। अधिकारियों के अनुसार खालिद 29 जुलाई को कोर्ट में 3 सुरक्षा चौकियों को पार कर पहुंचा था। जहां उसने पिस्तौल से 57 वर्षीय नसीम की गोली मारकर हत्या कर दी थी।