बुरे दौर में भारतीय हॉकी टीम, अब छठे खिलाड़ी को कोरोना

टीम के फॉरवर्ड मनदीप सिंह में नहीं दिखाई दिए लक्षण

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम का समय आजकर अच्छा नहीं चल रहा है। अब टीम फॉरवर्ड मनदीप सिंह कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। इसके पहले 5 हॉकी खिलाड़ी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यानि टीम के आधा दर्जन खिलाड़ियों को यह बीमारी अपनी गिरफ्त में ले चुकी है। भारतीय खेल प्राधिरकण (साई) के मुताबिक जालंधर निवासी मनदीप (25) कोरोना के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। बेंगलुरू में वह डॉक्टर की देख-रेख में हैं। बेंगलुरू के साई केंद्र में 20 अगस्त से राष्ट्रीय शिविर आरंभ होना है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य मनदीप सिंह का साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में राष्ट्रीय शिविर से पहले 20 अन्य खिलाड़ियों के साथ कोविड परीक्षण (आरटी पीसीआर) किया गया। टेस्ट में वह पॉजिटिव पाए गए हैं, मगर उनमें लक्षण नहीं दिख रहे हैं। साई के डॉक्टरों का कहना है कि सभी खिलाड़ियों में मामूली लक्षण दिखाई दे रहे हैं। वह सभी ठीक हैं। खिलाड़ियों को बेंगलुरू के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रखा गया है। इससे पहले खिलाड़ी कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रव्यापी लॉक डाउन के चलते सेंटर में 2 माह से अधिक समय तक फंसे रहे। ब्रेक से वापस लौटने पर खिलाड़ियों को सेंटर पर ट्रेनिंग पुन: शुरू करने से पहले अनिवार्य पृथकवास से गुजरना था। उधर, हॉकी खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव आने से उनके फैंस की चिंता बढ़ गई है। फैंस सभी खिलाड़ियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।