-शानदार सफलता से गूंजा विद्यालय परिसर, भविष्य के इंजीनियरों ने बढ़ाया संस्थान और शहर का मान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। देश की सर्वाधिक प्रतिस्पर्धी और प्रतिष्ठित परीक्षा जेईई एडवांस 2025 के परिणामों में शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल स्कूल ने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक स्तर और प्रतिबद्ध शिक्षण प्रणाली का एक और प्रमाण प्रस्तुत किया है। इस वर्ष विद्यालय के कुल 12 विद्यार्थियों ने जेर्ईई एडवांस में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता और शिक्षकों को गौरवान्वित किया, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार को गर्व का अवसर प्रदान किया। इन छात्रों की उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, रणनीतिक अध्ययन पद्धति और शिक्षकों द्वारा दिए गए सटीक मार्गदर्शन का प्रतिफल है। स्मार्ट लक्ष्य निर्धारण, समयबद्ध तैयारी और आत्मअनुशासन की भावना ने इन विद्यार्थियों को सफलता के इस मुकाम तक पहुँचाया है। सफल विद्यार्थियों में सक्षम गर्ग, क्रियांष गर्ग, आराध्या अग्रवाल, मानव यादव, पार्थ गोयल, वेदास्तव मिश्रा, ओजस सचदेवा, वात्सल्य श्रीवास्तव, प्रथित द्विवेदी, दिव्यांषी श्रीवास्तव, नोवेष कौशिक, और विवान श्रीवास्तव के नाम प्रमुख हैं। इन सभी छात्रों ने जेईई एडवांस जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त कर भविष्य में देश के उत्कृष्ट तकनीकी संस्थानों में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है।
इस गौरवशाली उपलब्धि पर विद्यालय की एक्जीक्यूटिव हेड सुश्री सुसन होम्स ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि हम अपने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कल्पना से ही आनंदित हो उठते हैं। ये सभी विद्यार्थी न केवल अपनी मेहनत का परिणाम प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि भविष्य में ये समाज और देश के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेंगे। हम सदैव उनके उज्जवल भविष्य की प्रतीक्षा करते हैं और उन्हें हर कदम पर प्रोत्साहन देते रहेंगे। विद्यालय के निदेशक डॉ. अरुणाभ सिंह ने इस अवसर पर अपने विस्तृत संदेश में कहा कि जेईई एडवांस परीक्षा को न केवल भारत में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है। इस परीक्षा में सफलता अर्जित करना किसी साधारण उपलब्धि से कहीं अधिक है। यह विद्यार्थियों की संकल्पशक्ति, अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और अथक परिश्रम का जीवंत उदाहरण है। मैं सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देता हूं।
साथ ही, उनके माता-पिता को भी धन्यवाद देना चाहूंगा जिन्होंने इस शैक्षणिक यात्रा में उन्हें समर्पण और धैर्य के साथ सहयोग दिया। साथ ही हमारे शिक्षकगण, जिन्होंने प्रत्येक छात्र की क्षमताओं को समझते हुए उन्हें निखारने का कार्य किया, वे भी इस सफलता के बराबर के भागीदार हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये छात्र भविष्य में तकनीकी नवाचारों और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नेहरू वल्र्ड स्कूल का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और दूरदर्शी नागरिक तैयार करना है और आज के ये छात्र उसी लक्ष्य की दिशा में एक ठोस कदम हैं। नेहरू वर्ल्ड स्कूल की यह ऐतिहासिक उपलब्धि संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की मेहनत और सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह सफलता आने वाले वर्षों के विद्यार्थियों को प्रेरित करने वाली मिसाल बनेगी।
















