-महापौर सुनीता दयाल के निर्देश पर नगर निगम ने चलाया अभियान, नाले पर बने ढांचे ध्वस्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने इंदिरापुरम क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। शिप्रा सन सिटी रोड पर नाले के ऊपर बने लगभग 15 साल पुराने अतिक्रमण को बुधवार को ध्वस्त कर दिया गया। यह कदम महापौर सुनीता दयाल के सख्त निर्देश पर उठाया गया। इंदिरापुरम हाल ही में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से नगर निगम को हस्तांतरित हुआ है और तब से यहां सबसे ज्यादा शिकायतें अतिक्रमण की ही आ रही हैं। कुछ दिनों पहले स्थानीय महिलाओं और निवासियों ने महापौर को शिकायत दी थी कि नाले पर अवैध बाजार लगाया गया है, जिसकी वजह से नाले की सफाई तक संभव नहीं हो पा रही।
शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि नाले से अतिक्रमण हटाया जाए। इसी क्रम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने अन्य अधिकारियों और स्थानीय पार्षद के साथ मिलकर कार्रवाई की। अतिक्रमण हटाने के दौरान कई जगह विरोध भी हुआ, लेकिन नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि इंदिरापुरम में रेहड़ी, पटरी और खोखे बड़ी मात्रा में लगे हुए हैं और कई जगह पूरी रात तक सामान बेचा जाता है। इससे क्षेत्र की स्थिति बिगड़ रही थी।
उन्होंने साफ किया कि नगर निगम लगातार प्रयासरत है कि इंदिरापुरम को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए और यहां की सड़कों, नालों और ग्रीन बेल्ट को मुक्त कर सुंदर और स्वच्छ स्वरूप दिया जाए। महापौर ने आगे बताया कि ग्रीन बेल्ट पर भी बड़े पैमाने पर कब्जा है, जिसके खिलाफ नगर निगम जल्द नीति बनाकर कड़ी कार्रवाई करेगा। उनका कहना है कि अब इंदिरापुरम में अव्यवस्था नहीं रहने दी जाएगी और क्षेत्र को सुव्यवस्थित और बेहतर ढंग से विकसित किया जाएगा।
















