तपती धूप में 2371 पोलिंग पार्टियां हुई रवाना, आज 1836 प्रत्याशियों के भाग्य होगा कैद

-नगर निगम-लोनी का ईवीएम से होगा मतदान, बाकी में होंगे बैलेट पेपर प्रयोग
-मतदान को 606 मतदान केंद्र व 2371 मतदान स्थल, 11302 कार्मिक किए तैनात
-जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

गाजियाबाद। आप जब यह खबर पढ़ रहे होंगे,उस वक्त तक नगर निकाय के दूसरे चरण में आज गुरुवार को होने वाले मतदान की शुरुआत हो चुकी होगी। मतदान के लिए बुधवार की शाम तक जिले के सभी पोलिंग सेंटरों के लिए 2371 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। गुरुवार आज होने वाले मतदान के लिए 11,302 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। जिले में नगर निगम महापौर व पार्षदों के अलावा नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के चेयरमैन व सभासद के कुल 1836 प्रत्याशियों के लिए आज मतदान होगा। मतदान संपन्न होने के बाद इन 1836 दिग्गज प्रत्याशियों को ईवीएम व बैलेट पेपर की पेटियों में भाग्य कैद हो जाएगा। इनके भाग्य का फैसला आगामी 13 मई को मतगणना पूरी होने के बाद होगा।

नगर निगम क्षेत्र में जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम)से वोट डाले जाएंगे। वहीं,पहली बार नगर पालिका परिषद लोनी में भी आज ईवीएम से वोट डाले जाएंगे।बुधवार को तपती धूप व गर्मी से बेहाल कार्मिकों को सामग्री के साथ कमला नेहरू नगर स्थित मैदान से रवाना किया गया। नगर निगम के 100 वार्डों एवं खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद व डासना नगर पंचायत के लिए कमला नेहरूनगर स्थित मैदान से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। वहीं,मोदीनगर स्थित महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज से मोदीनगर व मुरादनगर नगर पालिका परिषद और निवाड़ी, पतला, फरीदनगर नगर पंचायत के लिए पोलिंग पार्टियां यहां से रवाना की गई। इसके अलावा लोनी नगर पालिका परिषद के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल लोनी से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया व्यवस्था का जायजा
कमला नेहरूनगर स्थित मैदान में जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह भी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पहुंचे। उन्होंने काउंटरों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों को फुल सामग्री देते हुए रवाना किया जाए। उन्होंने मतदान कार्मिकों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह आदि अधिकारी भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। कमला नेहरू नगर मैदान नगर निगम के लिए 64 टेबिल एवं खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका के लिए 9 काउंटर व डासना पंचायत के लिए दो काउंटर बनाए गए थे। मतदान कार्मिकों की सुबह से काउंटरों पर भीड़ लग गई। बड़ी संख्या में महिला कार्मिक अपने बच्चों के साथ स्थल पर पहुंचीं। मतदान के लिए महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

दरअसल, नगर निकाय चुनाव का मंगलवार को शाम छह बजे चुनाव प्रचार बंद हो गया था। प्रत्याशी बुधवार तक घर-घर जाक वोट मांग सकते थे। बुधवार को मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। प्रशासन की ओर से पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। जनपद में नगर निगम समेत 9 निकायों में आज गुरुवार 11 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।मतदान से 48 घंटे पहले यानि कि मंगलवार की शाम छह बजे चुनाव प्रचार बंद हो गया। वहीं,सरकारी बिल्डिंग और संपत्तियों पर लगाए गए पोस्टर,बैनर,फ्लेक्स,झंडों को भी प्रशासन की टीम ने हटा दिया है। इन प्रत्याशियों से जवाब तलब भी किया जाएगा।

नगर निगम व लोनी नगर पालिका का 3471 ईवीएम से होगा मतदान
नगर निकाय चुनाव के लिए आज होने वाला मतदान नगर निगम और लोनी नगर पालिका परिषद का मतदान ईवीएम से होगा। कमला नेहरू नगर स्थित मैदान से बुधवार को पोलिंग पार्टियां ईवीएम लेकर रवाना की गई। नगर निगम और लोनी में कुल 3471 ईवीएम मशीनें मतदान के लिए लगाई गई। नगर निगम में 1264 बूथ हैं। इन बूथों पर महापौर व 100 वार्डों के प्रत्याशी के लिए ईवीएम लगाई गई है। इसके लिए 2371 ईवीएम के साथ और 2371 स्टेशनरी बस्ते के साथ पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। लोनी नगर पालिका परिषद का भी मतदान ईवीएम के जरिए होगा। यहां पर 554 मतदान केंद्रों पर 1108 ईवीएम लगाई गई हैं। इसके अलावा कमला नेहरू नगर से खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद एवं डासना नगर पंचायत के लिए भी पोलिंग पार्टियां मतदान पेटियों के साथ रवाना की गई। यहां पर बैलेट पेपर से मतदान होगा। खोड़ा-मकनपुर के अलावा मुराद नगर, मोदीनगर नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत निवाड़ी, पतला,फरीदनगर व डासना नगर पंचायत में मतदान बैलेट पेपर से आज होगा।

मतदान के लिए 1200 वाहनों की गई व्यवस्था
गुरूवार आज होने वाले मतदान एवं पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए 1200 वाहनों की व्यवस्था की गई थी। संभागीय परिवहन विभाग ने पहले ही 500 हल्के वाहन और 700 भारी वाहनों का अधिग्रहण किया था। हल्के वाहनों को हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में खड़े किए गए थे। जबकि भारी वाहनों को कमला नेहरूनगर स्थित मैदान,मोदी नगर गोविंदपुरी स्थित महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज और लोनी स्थित डीपीएस पब्लिक स्कूल में खड़े किए गए थे। एआरटीओ प्रशासन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि पोलिंग पार्टियों की जरूरत के अनुसार वाहनों की व्यवस्था पहले ही कर ली गई थी। शाम तक सभी वाहनों से पोलिंग पार्टियां पोलिंग सेंटरों तक भेज दी गई।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को जिले में नगर निगम समेत 9 निकायों के लिए आज होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।कुल मिलाकर 2371 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। कमला नेहरू नगर स्थित मैदान से नगर निगम, खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत डासना के लिए पोलिंग पार्टियां ईवीएम व स्टेशनरी बस्ते के साथ रवाना की गई। मोदीनगर व लोनी से वहां के लिए पोलिंग पार्टियां शांतिपूर्ण तरीके से दो सेंटरों से रवाना की गई। मतदान के लिए 11,302 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई हैं। इसके अलावा रिजर्व में भी कार्मिक रखे गए है। नगर निगम व लोनी नगर पालिका का ईवीएम से मतदान होगा। बाकी अन्य निकायों में बैलेट पेपर से मतदान होगा।

इन दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा
नगर निकाय चुनाव के चलते आज होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के प्रशासन-पुलिस ने पुख्ता तैयारियां की है। सीआरपीएफ व पीएसी जवानों के अलावा एसएसएफ के जवानों और पुलिस को मिलाकर 13 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मतदान की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। वहीं,इन दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य भी आज ईवीएम व बैलेट पेपर पेटियों में कैद हो जाएगा। इनमें नगर निगम महापौर पद की 12 प्रत्याशी,नगर निगम के 100 वार्ड पार्षद पद 667 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। जबकि नगर पालिका परिषद मोदीनगर में चेयरमैन पद पर 8 प्रत्याशी एवं सभासद पद पर 220 प्रत्याशी मैदान में हैं।

मुरादनगर नगर पालिका परिषद चेयरमैन पद पर 11 प्रत्याशी, सभासद पद पर 121 प्रत्याशी, लोनी नगर पालिका परिषद चेयरमैन पद पर 8 प्रत्याशी व सभासद पद पर 358 प्रत्याशी, खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद चेयरमैन पद पर 10 प्रत्याशी व 148 सभासद के प्रत्याशी मैदान में है। नगर पंचायत निवाड़ी चेयरमैन पद पर 11 प्रत्याशी व सभासद पद पर 42 प्रत्याशी, नगर पंचायत पतला चेयरमैन पद पर 12 प्रत्याशी व सभासद पद पर 32 प्रत्याशी,फरीदनगर नगर पंचायत चेयरमैन पद पर 22 प्रत्याशी व सभासद पद 38 प्रत्याशी,नगर पंचायत डासना चेयरमैन पद पर 13 प्रत्याशी व 103 सभासद पद के प्रत्याशी समेत कुल मिलाकर 1836 प्रत्याशी 9 निकायों में चुनाव मैदान में हैं। इनमें आज सभी को भीतरघात व अपनों के खेल बिगाडऩे की प्रबल संभावना दिख रही हैं।