बूथों पर मतदाताओं की भीड़, कई जगहों पर ईवीएम मशीन हुई खराब, घंटो प्रभावित रहा मतदान

गाजियाबाद। निकाय चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग लगातार जारी है। मतदान केंद्रो पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। हालांकी जिले में कई जगहों पर ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतदान प्रभावित हुए हैं। बता दें कि दूसरे और अंतिम चरण के लिए गुरुवार 11 मई को सुबह सात बजे से मतदान शुरु हो गया है। वोटर्स शाम छह बजे तक अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं। जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम पर सुबह साढ़े 8 बजे तक करीब 40 ईवीएम खराब होने की सूचना प्राप्त हुई। जिसमें कई स्थानों पर ईवीएम मशीन को बदला गया। जबकि कई बूथों पर मतदान प्रभावित रहा। जिस कारण कई मतदाता बिना वोट डाले ही वापस लौट गए। निगम के भागीरथ पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र के बूथ संख्या 929 पर मतदान शुरू नहीं हो सका है। यहां ईवीएम खराब था, दूसरी मशीन मंगवा कर लगवाई गई। इसी मतदान केंद्र के बूथ नंबर 927 पर राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) नरेंद्र कश्यप ने अपना वोट डाला। मकनपुर स्थित बूथ संख्या 1038 पर ईवीएम खराब है। यहां मतदान शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में पोलिंग अधिकारियों में भी अफरातफरी मची रही। नेहरूनगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के बूथ संख्या 1227 की ईवीएम खराब है।

एक घंटे से मतदान प्रभावित है। कई वोटर वापस चले गए। संजय नगर स्थित ईवीएम के बूथ सख्यां 933 पर करीब 30 मिनट तक ईवीएम खराब रही। जिसे बाद में बदला गया। लोनी क्षेत्र में भी कई बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें मिली, जिसे कुछ देर बाद बदल दिया गया। वहीं वार्ड 72 में एक मतदाता केंद्र पर विवाद देखने को मिला। जहां निर्दलीय प्रत्याशी और निवर्तमान पार्षद मनोज गोयल की पत्नी कुसुम गोयल धरने पर बैठ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान गड़बड़ी हो रही है। घटना बूथ संख्या 944 की है, जहां सुबह से ही ईवीएम काम नहीं कर रही थी। जिसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी धरने पर बैठ गईं।

करीब दो घंटे मतदान प्रभावित रहा। आरोप था कि जानबूझकर खराब ईवीएम का इस्तेमाल किया गया। जिससे मतदाता वोट ना डाल सकें। उन्होंने कहा ईवीएम मशीन लगाने से पहले ही बुधवार रात को मशीन की जांच क्यों नही की गई। जिसे जांच के बाद ही यहां रखा जाता। कहीं न कहीं पीठासीन अधिकारी चुनाव देरी से करवा रहें है। जिससे वोटिंग न हो सके। पूरा प्रशासन बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है। हालांकि ईवीएम ठीक होने पर उन्होंने धरना खत्म कर दिया।