गाजियाबाद में बाल श्रम से 46 बच्चों को मिली मुक्ति

गाजियाबाद। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के दिशा निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा बाल एवं किशोर श्रमिकों का चिन्हांकन, अवमुक्त करण एवं पुनर्वास के लिए 1 जून से लेकर 15 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया गया। श्रम विभाग द्वारा चलाए गए अभियान में 43 बच्चों को बाल श्रम से मुक्ति मिल गई। उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्र ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा 1 जून से लेकर 15 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, पुलिस अधिकारी एवं चाइल्ड लाइन के सदस्यों की संयुक्त टीम द्वारा जनपद के विभिन्न कारखानों, प्रतिष्ठानों, ढाबा, होटल, दुकानों एवं ईट भट्ठों आदि पर कार्यरत बाल एवं किशोर श्रमिकों को अवमुक्त कराकर उनका पुर्नवासन किए जाने की कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान 39 विभिन्न कारखानों, प्रतिष्ठानों, ढाबा, होटल, दुकानों पर निरीक्षण करते हुए कार्यरत 43 बाल/किशोर श्रमिकों को चिन्हित कर बाल श्रम से मुक्त कराया गया। मुक्त कराए गए 14 वर्ष आयु से ज्यादा उम्र के किशोर श्रमिकों के स्कूल में प्रवेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

जिससे वह भविष्य में शिक्षा ग्रहण कर अपने सपनों को पूरा कर सकें। साथ ही अभियान में चिन्हित 14 वर्ष आयु से कम उम्र के बाल श्रमिकों के स्कूल में प्रवेश कराये जाने के लिए कार्यवाही एवं उनके परिवार का आर्थिक पुनर्वास कराये जाने की कार्यवाही पूर्ण की जा रही है। बुधवार को भी श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, पुलिस अधिकारी एवं चाइल्ड लाइन के सदस्यों की संयुक्त टीम द्वारा जनपद में 3 निरीक्षण किए गए। जिसमें 1- मेसर्स पंडित जी ढाबा, पटेल नगर, गाजियाबाद, 2- मेसर्स अमर सन्स इलेक्ट्रिकल्स, द्वारिकापुरी, दिल्ली गेट एवं 3- मेसर्स कृष्णा स्टील्स, जीटी रोड, हापुड़ मोड़ से 3 किशोर श्रमिकों का चिन्हांकन किया गया।

उक्त प्रतिष्ठान के नियोजक द्वारा अधिनियम का उल्लंघन किए जाने पर संबंधित नियोजकों के विरुद्ध अधिनियम अंतर्गत निरीक्षण टिप्पणी निर्गत कर मौके पर ही हस्तगत करा दिया गया। दोषी नियोजकों के विरूद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी संदीप कुमार सिंह द्वारा नियोजकों को भविष्य में बाल एवं किशोर श्रमिकों से कार्य न लिए जाने के लिए चेतावनी दी गई। इस दौरान संदीप कुमार सिंह, रीना एवं हंस राज, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, रूप सिंह, उप निरीक्षक, एएचटीयू एवं संजय कुमार, सुपरवाईजर, चाईल्ड लाईन उक्त अभियान में उपस्थित रहे।