भागीरथ सेवा संस्थान के 7 बच्चों ने गाजियाबाद का नाम किया रौशन स्पेशल ओलंपिक में दो गोल्ड सहित जीते 7 पदक

-आगरा से गाजियाबाद लौटने पर खिलाडिय़ों का हुआ भव्य स्वागत
– दिव्यांग बच्चों में छिपी होती है दिव्य प्रतिभा: अमिताभ सुकुल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश स्पेशल ओलंपिक भारत द्वारा आगरा में आयोजित दो दिवसीय स्पेशल राज्यस्तरीय हैंडबॉल और स्केटिंग प्रतियोगिता में भागीरथ स्पेशल स्कूल और उड़ान डे केयर सेंटर के बच्चों ने दो गोल्ड सहित 7 पदक जीत कर गाज़ियाबाद का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता आगरा की अंबेडकर यूनिवर्सिटी में संपन्न हुई। प्रतियोगिता से लौटने के बाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले दिव्यांग बच्चों का भागीरथ कैंपस संजय नगर गाजियाबाद में संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। भागीरथ सेवा संस्थान द्वारा संचालित भागीरथी स्पेशल स्कूल और उड़ान डे केयर सेंटर के साथ छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश ओलंपिक भारत द्वारा आगरा में आयोजित दो दिवसीय स्पेशल राज्यस्तरीय हैंडबॉल और स्केटिंग प्रतियोगिता के हैंडबॉल कैटेगरी में हिस्सा लिया था।

इनमें सभी सात बच्चों ने अपने खेल के दम पर मेडल हासिल किए। भागीरथ स्पेशल स्कूल के छात्र किशन और उड़ान डे केयर सेंटर की छात्रा टिया ने हैंडबॉल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता। भागीरथ स्पेशल स्कूल के छात्र घनश्याम ने सिल्वर मेडल हासिल किया है। अन्य 4 दिव्यांग छात्रों विशाल, गुफरान, नवनीत और विपिन ने हैंडबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है। खिलाडिय़ों के गाजियाबाद लौटने पर भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा उनकी हौसला अफजाई की गई और फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।

संस्थान के निदेशक अमिताभ सुकुल ने कहा दिव्यांग बच्चों में दिव्य प्रतिभा छिपी होती है। इसलिए ऐसे बच्चों को सही समय पर सही दिशा देने की जरूरत है। इन बच्चों की छिपी अद्भुत प्रतिभा को समाज के सामने लाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। श्री सुकुल ने कहा कि है इन्हें आगे भी खेलने के लिए भेजा जाएगा और संस्थान इनकी हर संभव मदद करेगा। संस्थान के कोषाध्यक्ष अनादि सुकुल ने टीम के साथ गए कोच शाहरुख सैफी, श्रीमती कीर्ति पाठक और आशीष मौर्य का सम्मान किया और उनके प्रयासों की सराहना की।