80 हजार रुपए के लिए 9 माह के मासूम को अगवा कर उत्तराखंड में बेचा, पुलिस ने 15 घंटे में किया खुलासा, बच्चे को सकुशल बरामद कर 3 आरोपियों को दबोचा

उदय भूमि
गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के दीनानाथपुर पूठी गांव से 80 हजार रुपए के लिए 9 माह के मासूम बच्चे का अपहरण करने वाले आरोपी को पुलिस ने 15 घंटे में ही दबोच लिया। आरोपी बच्चे का अपहरण कर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में ले जाकर 80 हजार रुपए में बेच दिया था। जिस व्यक्ति को बच्चा बेचा गया, उसने उसे आगे 1.50 लाख रुपए में बेच दिया। बच्चे के अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस ने 15 घंटे के अंदर पूरे मामले का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे को खरीदने वाले दंपती ने शादी के 20 साल बाद भी बच्चा न होने पर अपने परिचित से बच्चे का इंतजाम करने को कहा था। इसी मकसद से बच्चे का अपहरण किया गया था। एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खुलासा करते हुए बताया कि गांव दीनानाथपुर पूठी निवासी मनोज धौलाना के खिचरा स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में श्रमिक है। मनोज और उसकी पत्नी मालती के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी पांच साल, बेटा तीन साल और मासूम हर्षित 9 माह का है।

मनोज की फैक्ट्री में बदायूं निवासी मनोज कुमार भी काम करता है। दोनों पहले उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। बता दें कि महावीर भी उसी फैक्ट्री में काम करता था। उत्तराखंड में फैक्ट्री बंद होने के कारण मनोज और महावीर दोनों दो-तीन साल पहले धौलाना के खिचरा स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करने लगे थे। एक ही फैक्ट्री में साथ काम करने के कारण दोनों मनोज का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मनोज कुमार दीनानाथपुर पूठी स्थित मनोज और मालती के घर आया और हर्षित को खिलाने के बहाने बाहर ले गया। काफी देर तक आरोपी बच्चे को लेकर नहीं लौटा तो उसे फोन किया, लेकिन फोन बंद था। परेशान होकर मनोज और मालती ने तलाश शुरू की, लेकिन बच्चा नहीं मिला। इसके बाद दोनों शाम 7 बजे वेव सिटी थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बच्चे को ले जाने वाले आरोपी मनोज का नंबर सर्विलांस पर लगाया। उसकी लोकेशन उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर की मिली।

आरोपी ने फोन पर महावीर से बात की थी। पुलिस को महावीर की लोकेशन भी मिल गई। उसी रात पुलिस टीम उत्तराखंड भेजी गई। सुबह करीब 10 बजे पुलिस ने आरोपी महावीर को ऊधमसिंह नगर के आईटीआई थाना क्षेत्र के बांसखेड़ा से गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ करने पर पता चला कि मनोज उसे बच्चा बेचकर चला गया है। महावीर की सूचना पर पुलिस ने उसके गांव में हरिवंश के घर दबिश देकर बच्चे को बरामद कर लिया और हरिवंश व महावीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की एक टीम ने बदायूं से आरोपी मनोज को दबोच लिया और पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पूछताछ में महावीर ने बताया कि हरिवंश की शादी को 20 साल हो गए,लेकिन उनके बच्चा नहीं है। हरिवंश ने उससे बच्चे का इंतजाम करने के लिए कहा था। इसके लिए उसे 1.50 लाख रुपए तक देने का वादा किया। महावीर ने बच्चे का इंतजाम करने के लिए बदायूं निवासी मनोज से संपर्क किया। उसे 80 हजार रुपए तक देने का वादा किया। सोमवार को आरोपित मनोज ने 9 माह के मासूम हर्षित को अगवा किया और बस से उधमसिंह नगर ले जाकर महावीर को सौंप दिया। महावीर ने उसे 80 हजार रुपए देकर बच्चा ले लिया और हरिवंश को दे दिया।

पुलिस ने जब मालती को उसका मासूम हर्षित गोद में दिया तो उसकी आखें भर आईं। तीन दिन में मालती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसे बस एक ही फ्रिक थी कि कहीं उसके कलेजे की टुकड़े के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। मालती और मनोज ने पुलिस को उनका बेटा वापस दिलाने के लिए खूब प्रशंसा की है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे महावीर ने 80 हजार रुपए दिए थे। बच्चा देने के बाद उसने खूब शराब पी और बस से बदायूं आ गया। रास्ते में उसके पांच हजार रुपए खो गए। 70 हजार रुपए उसने अपने रिश्तेदार को दे दिए और पांच हजार रुपए पुलिस ने उससे बरामद किए हैं। एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद तत्परता दिखाते हुए आरोपित को 15 घंटे में गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद किया है। बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया।