गौतमबुद्ध नगर में नशे के विरुद्ध बड़ा अभियान तेज, डीएम बोले समन्वित प्रयासों से बनेगा ‘नार्कोटिक्स फ्री जिला’

-एयरबीएनबी फ्लैटों में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त जांच के निर्देश, शिक्षण संस्थानों में भी नशा मुक्त परिसर की होगी शपथ

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने अवैध नशे की गतिविधियों के खिलाफ एक ऐतिहासिक मुहिम की शुरुआत कर दी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया कि अब जनपद को ‘नार्कोटिक्स फ्री जिला’ बनाना एक प्राथमिक लक्ष्य है, जिसके लिए बहुस्तरीय और संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। बैठक में यह चिंताजनक तथ्य सामने आया कि एयरबीएनबी जैसे प्लेटफॉर्म पर कई फ्लैट बिना अनुमति के दैनिक या साप्ताहिक किराए पर बाहरी लोगों को दिए जा रहे हैं, जहां नशाखोरी, नाइट पार्टी और शोरगुल की शिकायतें मिल रही हैं। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर सामाजिक खतरा बताते हुए एक विशेष जांच टीम गठित कर गहन जांच के निर्देश दिए हैं। इन फ्लैट्स को गेस्ट हाउस या होटल की तरह व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि उन्हें केवल आवासीय प्रयोजन के लिए अनुमति प्राप्त है।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग और पुलिस को निर्देश दिए हैं कि स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और पीजी में औचक निरीक्षण अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार की ड्रग्स गतिविधि न हो रही हो। साथ ही, सभी शैक्षणिक संस्थानों से नशा-मुक्त परिसर की शपथ दिलवाई जाएगी। प्रशासन ऐसे संस्थानों को सम्मानित भी करेगा, ताकि सकारात्मक उदाहरण स्थापित हो सकें। डीएम ने कहा जनपद में नशे की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। सभी विभागों को साथ मिलकर समन्वित कार्यवाही करनी होगी। हम इसे जन आंदोलन बनाएंगे। हर युवा, हर संस्थान, हर समाज- इस मिशन में सहभागी बनें।

जन-जागरूकता बनेगी सबसे बड़ा हथियार
डीएम ने कहा कि नशे के विरुद्ध सिर्फ पुलिस कार्रवाई काफी नहीं है, इसके लिए जनमानस को जागरूक करना होगा। मेडिकल कॉलेज, आरडब्ल्यूए, स्वयंसेवी संस्थाएं और छात्रों को जोड़ा जाएगा। प्रशासन मीडिया के माध्यम से चल रही कार्रवाई का व्यापक प्रचार करेगा, ताकि समाज को संदेश मिले कि नशे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अब तक की कार्रवाई का लेखाजोखा
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि अब तक कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। नए हॉटस्पॉट्स की निगरानी, आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई तेज की गई है। फ्लैट्स में हो रही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगाह रखी जा रही है।

सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व
इस बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. श्वेता खुराना, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, एंटी नारकोटिक्स प्रभारी सौरभ कुमार, आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय सहित प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।