• नशा मुक्त बनाने के लिए एडीएम सिटी की अध्यक्षता में एनसीओआरडी बैठक आयोजित
उदय भूमि
गाजियाबाद। जनपद को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए मंगलवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में नार्को-आर्डिनेशन मैकेनिज्म (एनसीओआरडी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (नगर) गंभीर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में नशे के विरुद्ध व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि एक युद्ध-नशे के विरुद्ध टैगलाइन के तहत जागरूकता कार्यक्रम और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए ताकि समाज में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जनजागरूकता बढ़े और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लग सके। बैठक में पुलिस विभाग, औषधि निरीक्षक, कृषि विभाग, जीआरपी, परिवहन, वन विभाग, यातायात, आबकारी विभाग, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी विभागों से क्रमवार नशे के विरुद्ध अब तक किए गए कार्यों का विवरण लिया गया और आगे की रणनीति तय की गई।
नशे के खिलाफ प्रचार-प्रसार पर जोर
एडीएम सिटी ने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नशा मुक्ति अभियान के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता दी जाए। इसके तहत बस स्टेशनों पर उद्घोषणा यंत्रों के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएं तथा परिवहन निगम के अनुबधित ढाबों पर नशा मुक्ति से संबंधित होर्डिंग्स/बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में संघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को पूरी तरह से रोका जाए। इसके लिए पुलिस विभाग, आबकारी विभाग, जीआरपी, परिवहन विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जीएसटी विभाग को कारण बताओ नोटिस
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) ने यह भी उल्लेख किया कि जीएसटी विभाग को पूर्व में नशे के प्रति जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई कार्यशाला नहीं कराई गई। इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जीएसटी विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी करने और शीघ्र कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए।
जनपद को नशा मुक्त बनाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी: एडीएम सिटी
बैठक के अंत में एडीएम सिटी गम्भीर सिंह ने सभी अधिकारियों को नशे के खिलाफ अभियान को गंभीरता से संचालित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। सभी विभागों को मिलकर इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने होंगे ताकि समाज को नशे की बुरी लत से बचाया जा सके। बैठक से यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन नशे के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब देखने वाली बात होगी कि जनपद में यह अभियान कितना प्रभावी साबित होता है।















