ग्राम ढ़बारसी में बनेगा अत्याधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट, वैज्ञानिक तरीके से होगा कूड़ा निस्तारण: नगर आयुक्त

-किसानों और ग्रामीणों से सीधी संवाद बैठक, नगर निगम ने दिया भरोसा- नहीं होगी किसी को असुविधा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मसूरी क्षेत्र के ढ़बारसी गांव में कूड़ा डाले जाने और उसके निस्तारण को लेकर उपजे विवाद के बीच मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, संबंधित क्षेत्र के किसानों, ग्रामवासियों और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सवालों और आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गांव ढ़बारसी में जो ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट स्थापित किया जा रहा है, वह पूरी तरह से नवीनतम तकनीक पर आधारित और पूर्णतया सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में वैज्ञानिक उपकरणों और स्वचालित प्रणालियों की मदद से कूड़े का पूरी तरह से सुरक्षित और तेज़ निस्तारण संभव है।

ढ़बारसी में बनने वाला प्लांट उसी तजऱ् पर काम करेगा। बैठक में एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि यह प्लांट पूरी तरह से कवर्ड सिस्टम पर आधारित होगा, जिससे दुर्गंध, गंदगी या प्रदूषण जैसी समस्याएं नहीं होंगी। कूड़े का निस्तारण प्रतिदिन उसी दिन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की असुविधा की आशंका नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आशंकाएं निराधार हैं और उनके भ्रम को दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस क्रम में निगम की ओर से जल्द ही गांव के सभी लोगों के साथ एक और संवाद बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दो दिन के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने उदाहरणस्वरूप मुरादनगर पाइप लाइन मार्ग पर स्थापित डंपिंग ग्राउंड प्लांट का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार वहां वैज्ञानिक प्रणाली से कूड़े का सफल निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम ने शहर के कई पुराने डंपिंग स्थलों को हटाकर वहां पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का भी कार्य किया है। नगर निगम ने यह भी आश्वासन दिया कि गांव ढ़बारसी और उसके आसपास की सड़कों की मरम्मत, जल निकासी, सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी निगम द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी। प्लांट के संचालन से न केवल कूड़े की समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी गति आएगी। नगर आयुक्त ने अंत में ग्रामवासियों से अपील की कि वे इस कार्य को अवरोध नहीं, बल्कि साझेदारी के रूप में देखें, क्योंकि यह पहल न केवल स्वच्छता की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करेगा।