दीपावली के बाद छठ के महापर्व की समय से होंगी तैयारी पूर्ण: महापौर

-निगम ने हिण्डन नदी घाट पर रेड स्टोन पत्थर लगाकर किया सौन्दर्यकरण

गाजियाबाद। दीपावली के बाद नगर निगम की टीम ने छठ त्योहार की तैयारियां तेज कर दी है। संचालकों के साथ महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम की टीम को निर्देशित किया था कि वे भी सफाई के लेकर सभी जरूरी कदम उठाएं। अब इसी तरह छठ त्योहार को लेकर भी टीम ने मुस्तैदी दिखानी शुरू कर दी है। महापौर ने निर्देशित किया कि छठ त्योहार को भी जीरो वेस्ट के तहत ही मनाया जाए। उन्होंने मोहल्ले की समितियों से भी अपील की कि वो भी पंडालों और आयोजक मंडलों के साथ संवाद स्थापित करें। उन्हें जीरो वेस्ट और साफ-सफाई को लेकर जागरूक करें। स्वच्छता के लिए नगर निगम के जोनल अधिकारियों से संपर्क स्थापित करें।

अगर इसमें उनकी तरफ से लापरवाही होती है तो इसकी सूचना दफ्तर आकर दे सकते हैं। महापौर सुनीता दयाल ने पूर्व में ही दीपावली एवं छठ की तैयारियों के निर्देश दिए थे। जिसके चलते दीपावली के त्यौहार पर नगर निगम ने अच्छा कार्य किया और अब छठ पूजा के लिए कार्य में जुट गया है। महापौर सुनीता दयाल ने सभी अधिकारियों को फिर से निर्देशित किया कि शहर के सभी छठ घाटों की साफ सफाई, रंगाई पुताई, तालाब की खुदाई, पानी की व्यवस्था, गंगा जल की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था आदि सब समय से होनी चाहिए।

पूर्व में हिंडन घाट के सौंदर्यीकरण के लिए रेड स्टोन की बात आई। जिसके लिए महापौर ने जल्द से जल्द निगम अधिकारियों को निर्देशित कर हिण्डन नदी के घाट के सौंदर्यीकरण के लिए रेड स्टोन लगाया गया है। जिससे घाट बहुत साफ और सुंदर दिखाई दे रहा है, जल्द ही सभी छठ घाटों का कार्य समय से पूर्ण होगा। छठ पूजा के लिए महापौर सहित सभी अधिकारी, पार्षद एवं कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। जिससे शहर में छठ का पर्व बहुत धूमधाम से मनाया जा सकें।