-संभव जनसुनवाई में 26 संदर्भ हुए प्राप्त, अधिकारियों ने की कार्यवाही
गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव के लिए लगी आचार संहिता हटने के बाद हर मंगलवार आयोजित होने वाली जन सुनवाई शुरू हो चुकी है। इस दौरान काफी संख्या में आवेदक अपनी शिकायतें लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। जहां अधिकारियों ने शिकायतें सुनी। निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में संभव जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जिसमें 26 संदर्भ प्राप्त हुए। नगर आयुक्त ने आवेदकों की शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संभव जनसुनवाई में विजयनगर की जलकल विभाग से समस्या प्राप्त हुई। नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर टीम को भेज कर कार्रवाई की जाए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समय सीमा में उनका निस्तारण कराएं। जिससे फरियादियों को इधर-उधर अपनी समस्याओं को लेकर न भटकना पडे। शिकायतों के निस्तारण के गुणवत्ता की जांच अब फरियादियों के मोबाइल पर बात कर की जाएगी। निस्तारण में फर्जीवाड़ा मिला तो निश्चित ही निस्तारण करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित शिकायतों का मौके पर जाकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं।
निर्माण विभाग से 6, स्वास्थ्य विभाग से 4, जलकल विभाग से 5, अतिक्रमण संबंधित 2, टेक्स्ट संबंधित 2, लाइट संबंधित 2 संदर्भ प्राप्त हुए। इस दौरान पार्षदों ने नगर आयुक्त से शहर के विकास कार्यों पर चर्चा की। संभव जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जलकल महाप्रबंधक केपी आनंद, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी आदि अधिकारी भी मौजूद रहे।

















