भोले के भक्तों के स्वागत की तैयारी में जुटा नगर निगम प्लास्टिक मुक्त व जीरो वेस्ट होगा कावड़ शिविर

-नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों संग लिया व्यवस्थाओं का जायजा
-आयोजित कावड़ शिविरों में सफाई का विशेष ध्यान रखें आयोजक

गाजियाबाद। हिन्दू धर्म में सावन माह में होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए जनमानस से लेकर शासन-प्रशासन तक उत्सुक व सक्रिय रहते हैं। धार्मिक नगरी हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों की संख्या में श्रद्धालु गाजियाबाद होते हुए अपने निजी स्थान के लिए पैदल यात्रा करते हैं। शिव भक्तों की सेवा के लिए इस बार नगर निगम की ओर से बेहतर व्यवस्था की जा रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी।  नगर निगम द्वारा कांवड़ मार्गों को गड्ढा मुक्त करने के साथ शिवालयों पर पेयजल की व्यवस्था, मार्गो पर प्रकाश व्यवस्था, कावड़ शिविरों में सफाई व्यवस्था का कार्य कराने के लिए तैयारियां तेज हो गई है। साथ ही शिविर के पास मोबाइल टॉयलेट की भी व्यवस्था कराई जा रही है। सड़कों पर बैरिकेडिंग का कार्य भी जोरों से चल रहा है। जलकल विभाग द्वारा उचित स्थानों पर पीने के लिए पानी के टैंकर लगाने की योजना बनाई है, यात्रा को सफल बनाने में विशेष सहयोग देने के लिए नगर निगम पूरी जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभा रहा है।

नगर निगम जहां कावड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए जुटा हुआ है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल भंडारे का साईं उपवन में कांवड़ शिविर आयोजन करने की तैयार में भी जुट गया है। यह भंडारा नगर निगम द्वारा आयोजित किया जाता है। जिसमें शिव भक्तों के लिए उचित भोजन की व्यवस्था की जाती है। गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों क ेसाथ साईं उपवन में लगने वाले कांवड़ शिविर स्थल का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने आयोजित शिविरों को भी प्लास्टिक मुक्त और जीरो वेस्ट बनाने के लिए आयोजकों से अपील की है। भंडारे में स्टील के बर्तन का उपयोग करने के लिए कहा गया। नगर आयुक्त ने बताया गाजियाबाद नगर निगम सांई ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भाव कावड़ शिविर और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसको पूर्ण रूप से व्यवस्थित करने के साथ-साथ जीरो वेस्ट एवं प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा। नगर निगम द्वारा 6 दिवसीय 28 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित शिविर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में कांवरिया और शिव भक्तों का आना संभावित है।

जिनके भोजन की व्यवस्था, स्नान की व्यवस्था, आराम की व्यवस्था नगर निगम टीम द्वारा की जाएगी। कांवड़ शिविर में मेडिकल की व्यवस्था को भी बेहतर करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयोजित कावड़ महोत्सव के दौरान डस्टबिन और सफाई कर्मचारी की व्यवस्था को बेहतर करने की योजना बनाई जा रही है। साईं उपवन में ट्रस्ट के अध्यक्ष मयूर गिरधर, महामंत्री उमेश और संरक्षक चौब सिंह को भी भव्य कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा गया। जिसमें विभागीय अधिकारियों को भी पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा नगर निगम द्वारा हर वर्ष कांवड़ शिविर का आयोजन किया जाता है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से कार्यक्रम किया जाएगा। नगर निगम द्वारा आयोजित 13 वां भंडारा है। जिसकी व्यवस्था बेहतर कराई जाएगी। कांवड़ शिविर जीरो वेस्ट होगा।

साथ अन्य कांवड़ शिविर लगाने वालों से भी जीरो वेस्ट करने की अपील की गई है। साथ ही शिविर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए है। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवडिय़ों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्राचीन मंदिरों पर भी नगर निगम अपनी व्यवस्था बनाने में लगा हुआ है। जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य चल रहा है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार उपस्थित रहे।