नेहरू वर्ल्ड स्कूल में संपन्न हुआ वार्षिकोत्सव भारत की धरोहर देवी अहिल्या

-कक्षा चार व छह के छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया नाटक
-कुशल योद्धा, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता, नारी शिक्षा, सती प्रथा जैसी कुरीतियों को दिखाने का प्रयास

गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरु वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को प्राइमरी कक्षाओं का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस नाटक को कक्षा चार व छह के छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया। समारोह में डिप्टी असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर पल्लवी सिंह एवं एआरटीओ हापुड छवि चौहान ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय की एग्जीक्यूटिव हैड सुजैन होम्स ने समस्त अभिभावकों तथा उपस्थित व्यक्तियों का स्वागत किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होने कहा कि यह महत्वाकांक्षाओं से भरा शानदार कार्यक्रम था।

इसे संभव बनाने में हमारे अध्यापकगण व अभिभावकों ने पूर्ण सहयोग दिया। इसके लिए विशेष रूप से हमारे छात्र बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम का आरंभ छात्रों ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर किया। जिसमें छात्रों ने सन 2023-24 सत्र में हुईं विद्यालय की उपलब्धियों के विषय में बताया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 18 वीं सदी की महान विभूति अहिल्याबाई होल्कर का संपूर्ण जीवन था, जो भारत के इतिहास की सशक्त महिलाओं में से एक थीं और अपने अपने कल्याणकारी कदमों की वजह से वे मृत्यु के बाद एक संत के रूप में याद की जातीं रहों हैं।

इस कहानी में छात्रों ने उनके सामान्य बचपन से महारानी बनने की यात्रा को दर्शाया। इसमें अहिल्याबाई के जीवन के अद्वितीय और अविस्मरणीय योगदान जैसे कुशल योद्धा, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता, नारी शिक्षा, उनकी नेतृत्व क्षमता, सती प्रथा जैसी कुरीतियों को दिखाने का प्रयास किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों ने यह भी संदेश दिया कि क्षमता हमारे अंदर ही है, आवश्यकता उसे समझ कर उभारने की है। भारतीय विरासत की इस महान धरोहर को नेहरू वर्ल्ड स्कूल छात्रों ने अपने अभिनय के माध्यम से जीवंत कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शत-शत नमन किया।

सभी छात्रों ने अपने अभिनय, संगीत और नृत्य के द्वारा आमंत्रित अभिभावकों व अतिथिगणों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी ने इस समारोह का भरपूर आनंद उठाया और मुख्य अतिथियों नें अपने वक्तव्य में छात्रों के अभिनय और नृत्य और संगीत की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समारोह के अंत में विद्यालय के डायरेक्टर डॉ अरुणाभ सिंह ने नाटक की कहानी व छात्रों के अद्भुत अभिनय की तहेदिल से प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होने कार्यक्रम के निर्माण में सहयोग देनेवाले सभी को बधाई दी तथा उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।