दिल्ली विधान सभा में आप विधायकों का हंगामा
नई दिल्ली। दिल्ली विधान सभा में आज नए कृषि कानूनों पर जमकर हंगामा मचा। आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ विधायकों ने सदन में कृषि कानूनों की प्रति फाड़ क़र केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली विधान सभा में आज एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया था। इस दौरान आम आदमी पार्टी (आप) ने तीनों कृषि कानूनों का पुरजोर विरोध किया। आप विधायकों ने सदन में कृषि कानून की कॉपी को फाड़ दिया। सत्र की शुरुआत में मंत्री कैलाश गहलोत ने संकल्प पत्र पेश किया। संकल्प पत्र में तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की बात कही गई। तदुपरांत प्रत्येक सदस्य को बोलने के लिए 5 मिनट का समय दिया गया। सदन में आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र गोयल व सोमनाथ भारती ने कृषि कानून की प्रति को फाडक़र सरकार के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया। उन्होंने कहा कि तीनों कानून किसानों के खिलाफ हैं। केंद्र सरकार को इन कानूनों को तत्काल वापस लेना चाहिए। बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) शुरू से नए कृषि कानूनों का विरोध कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले सिंघु बॉर्डर जाकर आंदोलनरत किसानों से मुलाकात की थी। वहीं, केंद्र सरकार और भाजपा का कहना है कि दिल्ली सरकार नवंबर के आखिरी सप्ताह में इन कानूनों का नोटिफिकेशन लागू कर चुकी है। ऐसे में अब महज दिखावे के लिए विरोध किया जा रहा है। उधर, कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली किसान आंदोलन को 3 सप्ताह से ज्यादा का समय गुजर चुका है। सरकार और किसान संगठनों के बीच अभी भी गतिरोध जारी है। किसानों की मांग है कि तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने चाहिए। हालांकि सरकार साफ कर चुकी है कि वह कानूनों में संशोधन करने को तैयार है, मगर कानून वापस नहीं लिए जाएंगे। यह मसला सुप्रीम कोर्ट तक जा पहुंचा है। देश की शीर्ष अदालत ने केंद्र के अलावा हरियाणा और पंजाब सरकार को नोटिस भी जारी किया है।
















