मस्जिदों में पढ़ी गई बकरीद की नमाज, खुदा से अमन, चैन और खुशहाली की मांगी दुआ

-जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मना बकरीद त्योहार, पुलिस फोर्स के रहे कड़े इंतजाम

गाजियाबाद। जिले में ईद-उल-अजहा का त्यौहार पुलिस फोर्स के कड़े सुरक्षा बंदी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मस्जिदों में नमाज अता करने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद-उल-अजहा (बकरीद) की मुबारकबाद दी। हर्षोल्लास के साथ जिले में बकरीद का त्योहार मनाया गया। कुर्बानी के जज्बे के साथ ईद-उल-अजहा पर मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अल्लाह की इबादत में ईद की नमाज अता कर सभी लोगों ने देश में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। सुन्नी मोहम्मदी मजिस्द कैला भट्टा, जामा मजिस्द संजय नगर सेक्टर-23, मजिस्द गोसिया अमन कालोनी, डासना ईदगाह, डासना रफीकाबाद, मसूरी ईदगाह, मदरसा फरीदीया माता कॉलोनी विजयनगर आदि में नमाज अता की गई। इस दौरान मस्जिद व अन्य जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के चलते ईद-उल-अजहा नमाज अता की गई। ज्येष्ठ दशहरा और ईद उल अजहा के त्योहार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराए जाने को लेकर पुलिस अलर्ट मोड़ पर रही। डीसीपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक वीरेंद्र कुमार, एडीसीपी प्रोटोकॉल आनंद कुमार, एसीपी कोतवाली प्रियाश्री पाल समेत पुलिस अधिकारी मुस्तैद रहे। इस दौरान जहां इबादतगाहों के पास पुलिस के अधिकारियों पैनी नजर रहीं। वहीं,एलआईयू भी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थी। पुलिस की सजगता व सतर्कता के चलते बकरीद का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर दिनेश कुमार पी., एडिशनल पुलिस कमिश्नर कल्पना सक्सेना एवं तीनों जोन के डीसीपी के अलावा एसीपी व थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी करते रहे।

वहीं, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से निगरानी भी की गई। मस्जिदों और मदरसों में बकरीद की नमाज पढ़कर देश की तरक्की और शांति की दुआ की गई। इमाम और मौलाना ने सभी जरूरतमंदों के साथ मिलकर बांटकर सादगी के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की गई। बकरीद की तैयारियों को लेकर एक दिन पहले ही बाजार देर रात तक गुलजार रहे। इस दौरान खूब नए कपड़े,मेवा,मसालों आदि की खरीदारी हुई थी। ईद-उल-फितर की तरह ही बकरीद पर भी विशेष नमाज अता की गई। जिले भर की मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी गई।

दुआ में हाथ उठाकर देश की तरक्की और अमन-चैन की दुआ की गई। इसी दिन मुस्लिम बकरा,दुम्मा,भेड़ आदि की कुर्बानी देते हैं और उसे गरीबों में तकसीम करते हैं। मस्जिदों में कैला भट्टा में सुबह 8 बजे,डासना ईदगाह में सुबह 7 बजे और मसूरी ईदगाह में सुबह 7 बजे,सिद्धार्थ विहार ईदगाह में सुबह 7 बजे और मस्जिद आला हजरत न्यू हिंडन विहार में सुबह 6.30 बजे नमाज अता की गई। बकरीद पर पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए थे। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की गई।